
दो साल दो माह 24 दिन बाद जेल से रिहा हुए सपा के कद्दावर नेता और विधायक आजम खां सीतापुर जेल से रिहा होने के बाद शुक्रवार दोपहर करीब पौने दो बजे रामपुर की सीमा में पहुंच गए। मिलक पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
आजम खां के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में 89 मामले दर्ज किए गए थे। जिसमें जमानत होने में करीब सवा दो साल का समय लग गया। पिछले सप्ताह हाईकोर्ट से शत्रु संपत्ति मामले में जमानत मिलने और गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट से रामपुर पब्लिक स्कूल के मामले में अंतरिम जमानत मिलने के बाद गुरुवार शाम को ही रामपुर कोर्ट से आजम खां की रिहाई के परवाने सीतापुर जेल प्रशासन के लिए विशेष संदेशवाहक के जरिए भेज दिए गए थे।
जिसके बाद शुक्रवार सुबह आजम खां सीतापुर जेल से रिहा हो गए। इस दौरान उनके दोनों बेटे अदीब और अब्दुल्ला आजम और प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भी सीतापुर जेल पहुंचे और आजम खां के रिहा होने के बाद उनके साथ रामपुर के लिए रवाना हुए।
करीब बीस से अधिक गाड़ियों का आजम खां का काफिला शुक्रवार दोपहर करीब पौने दो बजे मिलक पहुंचा, जहां पर बाईपास पर सपा कार्यकर्ताओं व आजम खां के समर्थकों ने उनका पुष्प वर्षा कर पुष्प भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद आजम खां का काफिला रामपुर के लिए रवाना हो गया।

