राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस पर ए.के.टी.यू. में संगोष्ठी, युवाओं को नवाचार व आत्मनिर्भरता का संदेश
लखनऊ ब्यूरो चीफ दीपक कुमार श्रीवास्तव
लखनऊ। राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर सविष्कार अवध प्रांत, लखनऊ महानगर की ओर से डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (ए.के.टी.यू.) स्थित इनोवेशन हब, उत्तर प्रदेश में शैक्षणिक भ्रमण एवं संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने भाग लिया।
संगोष्ठी की मुख्य अतिथि सविष्कार प्रांत प्रवासी एवं प्रांत उपाध्यक्ष प्रो. मंजुला उपाध्याय रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति ही आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है। युवाओं को चाहिए कि वे नौकरी तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजन की दिशा में भी आगे बढ़ें। स्टार्टअप और अनुसंधान के माध्यम से राष्ट्र निर्माण को नई गति दी जा सकती है।
इस अवसर पर इनोवेशन हब उत्तर प्रदेश के मुख्य कार्यकारी अधिकारी महिप सिंह ने इनोवेशन हब की कार्यप्रणाली, स्टार्टअप इकोसिस्टम और युवाओं के लिए उपलब्ध विभिन्न अवसरों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार स्टार्टअप्स को तकनीकी मार्गदर्शन, मेंटरशिप और वित्तीय सहयोग प्रदान कर रही है।
कार्यक्रम में सविष्कार अवध प्रांत संयोजक अंकुर अवस्थी, सविष्कार लखनऊ महानगर प्रमुख डॉ. निधि सिंह तथा श्री राम एकेडमी के प्राध्यापक श्याम सुंदर तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी वक्ताओं ने छात्रों को उद्यमिता, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्टार्टअप, इनोवेशन और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करना रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ हुआ।

