जौनपुर,
करंजाकला ब्लाक अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय पतहना में मतदान शपथ के साथ मतदान जागरूकता अभियान का शुभारंभ हुआ। यहां से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं तथा ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की 200 महिलाओं ने रैली निकाली और रैली की शक्ल में वहां से दो किलोमीटर दूर प्राथमिक विद्यालय काफरपुर पहुंचकर मतदान अवश्य करने की अपील की।
यह रैली रास्ते में विभिन्न बस्तियों से होकर गुजरी और पहले मतदान, फिर जलपान, छोड़ दो अपने सारे काम, चलो करें मतदान आदि नारों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोकतांत्रिक मतदान गीत-लोकतंत्र को मजबूत बनाना है, घर-घर मतदान कराना है-के माध्यम से अपना वोट जरूर डालने की अपील की। रैली के दौरान ग्रामीणों को एकत्र कर मुनादी कराई गई जहां लोगों को बताया गया कि सात मार्च को वह अनिवार्यतः मतदान करने जाएं क्योंकि मतदान आपका अधिकार है। बताया गया कि लोकतांत्रिक महोत्सव के इस पर्व में आपकी सक्रिय भागीदारी ही सशक्त भारत का निर्माण करेगी। मानव श्रृखंला बनाकर मतदान के द्वारा सशक्त भारत का निर्माण करने का संदेश दिया गया। अंत में उपायुक्त मनरेगा ओम प्रकाश यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) डॉ आरबी सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) अभिषेक कुमार द्विवेदी ने अपने संबोधन में लोकतंत्र में वोट की भूमिका और मतदान की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।

