लाइफ केयर फाउंडेशन ने उरुवा में अति पिछड़े बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर दिखाई गंभीरता–
ब्यूरो चीफ आशुतोष चौधरी
उरुवा (गोरखपुर)। ग्रामीण क्षेत्रों में कुपोषण और स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे अति पिछड़े वर्ग के बच्चों की स्थिति को सुधारने के उद्देश्य से लाइफ केयर फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ जेपी तिवारी से मुलाकात की। फाउंडेशन की टीम ने क्षेत्र में कुपोषित और बीमार बच्चों की पहचान कर उनके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने की मांग की।
बैठक के दौरान फाउंडेशन के सदस्यों ने बताया कि उरुवा ब्लॉक के कई गांवों में अभी भी कई बच्चे गंभीर रूप से कुपोषित हैं और उन्हें नियमित चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल पा रहीं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की मदद से गांव-गांव जाकर बच्चों की स्वास्थ्य जांच, पोषण स्तर की जानकारी और इलाज की व्यवस्था की जानी जरूरी है।
प्रभारी चिकित्साधिकारी ने फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि जल्द ही स्वास्थ्य विभाग की टीम को फाउंडेशन के साथ मिलकर शिविर आयोजित करने का समय दिया जाएगा। इस अवसर पर बच्चों के अभिभावकों को भी स्वच्छता, संतुलित आहार और नियमित जांच के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर फाउंडेशन के सुनील गहलोत, आशुतोष चौधरी, स्वास्थ्य विभाग के अखिलेश पाठक, दीपक, विजय चौरसिया आदि मौजूद रहे।

