रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव पाली-(हरदोई) विद्युत विभाग की टीम ने गुरुवार को नगर के विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर कनेक्शन धारकों से बिजली बिल की बकाया रकम वसूली साथ ही वैध कनेक्शन होने की जानकारी ली,वहीं विभाग की टीम ने अधिक बिल बकाया होने पर पोल से कनेक्शन काट दिये। कहा कि बिल का भुगतान हो जाने के बाद पुनः कनेक्शन जोड़ दिया जायेगा। यदि किसी भी व्यक्ति ने बिना बिल का भुगतान किये केबिल जोड़कर बिजली सप्लाई लेने का प्रयास किया तो उस व्यक्ति पर विभाग कानूनी कार्यवाही करेगा। विद्युत विभाग की टीम देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। कई बिजली कनेक्शन धारकों ने बिजली विभाग की टीम से नियमित बिजली न मिलने की शिकायत की। सुबह बिजली काटे जाने से लोगों को अनेक प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बिजली की बार-बार आंख मिचोली बंद होनी चाहिए। बिजली विभाग की टीम ने बिजली कनेक्शन धारकों से अपील करते हुए कहा कि अपने बिल का समय से भुगतान करें, जिससे विभाग की योजनाओं का लोगों को लाभ मिल सके। इस मौके पर सुशील कुमार, प्रदीप कुमार लीडर, संजय कुमार लीडर, श्रीपाल, राम अवतार, एजाज, मोहित, अभिषेक कुमार, देवेंद्र आदि लोग टीम में शामिल रहे।

