वाराणसी के बाबतपुर स्थित एयरपोर्ट से लगातार दूसरे दिन भी सोना पकड़े जाने का मामला सामने आया है। बुधवार रात शारजाह से आए यात्री के पास से 18 लाख रुपये का सोना पकड़ा गया था, जबकि गुरुवार रात भी एक विमान यात्री के पास से एक करोड़ 21 लाख से अधिक का सोना पकड़ा गया है।
कस्टम विभाग के अधिकारी ने बताया कि यात्री शारजाह से वाराणसी आया था। उसने सोने को काले टेप में छुपाकर कमर के नीचे लपेटा था। एक्स-रे जांच के दौरान पकड़ में आया। बरामद सोना करीब 2334 ग्राम है। जिसकी अनुमानित कीमत एक करोड़ 21 लाख रुपये से अधिक है।
बिहार निवासी यात्री से पूछताछ जारी
सोने के साथ पकड़ा गया यात्री अब्दुल रहमान अंसारी जिला पश्चिम चंपारण, बिहार का निवासी है। उसके साथ रहे यात्री को संदेह के आधार पर पकड़ा गया था। हालांकि पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। सोने के साथ पकड़े गए यात्री पर सीमा शुल्क अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। उससे पूछताछ की जा रही है।

