ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के लोनी में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमले के आरोपी जीशान सैफी को पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ में मार गिराया। उसका भाई गुलफाम अभी फरार है और उस पर ₹1 लाख का इनाम घोषित किया गया है|
27 फरवरी की सुबह लोनी स्थित ऑफिस में घुसे दो हमलावरों ने सलीम पर चाकू से कई वार किए और फरार हो गए। घायल सलीम को पहले स्थानीय अस्पताल, फिर दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके दो ऑपरेशन हो चुके हैं और हालत गंभीर बनी हुई है।
हमले के बाद जीशान और गुलफाम बाइक से भागते CCTV में दिखाई दिए। पुलिस के मुताबिक, दोनों खोड़ा स्थित किराए के कमरे पर पहुंचे, कपड़े बदले और फरार हो गए। जांच में सामने आया है कि हमले की साजिश करीब 15 दिन पहले रची गई थी।
पुलिस के अनुसार, संदिग्धों को रोकने पर उन्होंने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में जीशान घायल हुआ और अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। मौके से पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए।
अमरोहा निवासी जीशान ने 12वीं तक पढ़ाई की थी और भाई के साथ फर्नीचर का काम करता था। पिता बुनियाद अली के अनुसार, उसकी शादी की बात चल रही थी। गांव में घटना के बाद सन्नाटा है।
पुलिस फरार आरोपी गुलफाम की तलाश में दबिश दे रही है और मामले की गहन जांच जारी है।

