सहायक श्रमायुक्त, देवब्रत यादव ने अवगत कराया है कि मा0 मंत्री जी, श्रम एवं सेवायोजन उ0प्र0 सरकार द्वारा उ0प्र0 भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित कन्या विवाह सहायता योजना के अन्तर्गत वाराणसी क्षेत्र में पात्र निर्माण श्रमिकों की पुत्रियों/पंजीकृत महिला निर्माण श्रमिकों के स्वयं के विवाह हेतु ‘‘सामूहिक विवाह’’ का आयोजन 26 अप्रैल 2026 को जनपद वाराणसी में कराया जाना सुनिश्चित किया गया हैं।
उक्त आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह में आवदेन करने हेतु उ0प्र0 द्वारा उ0प्र0 भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत जनपद जौनपुर के निर्माण श्रमिकों को अवगत कराया जाता है कि सामूहिक विवाह में आवेदन करने हेतु आवश्यक अभिलेख यथा बोर्ड में पंजीकरण के उपरान्त 10 अप्रैल 2026 को एक वर्ष, बोर्ड की सदस्यता अवधि पूर्ण कर चुके श्रमिक का अद्यतनीकृत/नवीनीकृत श्रमिक पंजीकरण कार्ड, लाभार्थी पंजीकृत श्रमिक के परिवार रजिस्टर/राशन कार्ड की स्वप्रमाणित प्रति, संबंधित पुत्री एवं वर की आयु के संबंध में जन्म प्रमाण पत्र/स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट/परिवार रजिस्टर की स्वप्रमाणित प्रति, पिछले 12 महीने में कम से कम 90 दिन भवन एवं सन्निर्माण प्रक्रियाओं में कार्यरत होने का नियोजन/स्वघोषणा प्रामाण पत्र, पंजीकृत श्रमिक द्वारा राज्य अथवा केन्द्र सरकार के अधीन संचालित समान प्रकार की योजना में हितलाभ प्राप्त न होने का स्वघोषणा पत्र, आवेदक/पंजीकृत श्रमिक, वर एवं कन्या का पासपोर्ट साइज दो-दो फोटो आवेदक/पंजीकृत श्रमिक, वर एवं कन्या का आधार कार्ड की छायाप्रति श्रमिक द्वारा स्वप्रमाणित के साथ आवेदन पत्र कार्यालय सहायक श्रमायुक्त जौनपुर में अन्तिम तिथि 10 अप्रैल 2026 सायं 5.00 बजे तक जमा कर सकते हैं।
सामूहिक विवाह में आवेदन करने से संबंधित किसी प्रकार की समस्या के लिए कार्यालय के फोन नंबर-05452-240478 पर एवं कार्यालय सहायक श्रमायुक्त, जौनपुर में किसी भी कार्य दिवस में सम्पर्क कर सकते हैं।
———
जौनपुर 13 मार्च 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-06
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सी0एच0ओ0) के मलेरिया एवं वेक्टर जनित रोगों जांच उपचार एवं प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण हुआ सम्पन्न।
अब क्षेत्रीय स्तर, ग्रामस्तर पर भी मलेरिया एवं वेक्टर जनित रोगों का जांच उपचार संपादित हो सकेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 प्रभात कुमार एवं नोडल अधिकारी वी बी डी डॉ0 बी सी पंत के विशेष निर्देशन में सहयोगी संस्था गोदरेज एवं पाथ सी एचआरआई के सहयोग से 9 मार्च 2026 से 13 मार्च 2026 तक 6 बैच में आयोजित प्रशिक्षण के क्रम का छठवां बैच 13 मार्च 2026 को संपन्न हुआ। जिसमें ब्लॉक सिरकोनी, जलालपुर, मडियाहूं, रामपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने प्रतिभाग किए।
इस प्रकार जनपद के समस्त 21 ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों/सीएचओ का प्रशिक्षण पूर्ण हुआ। प्रशिक्षण में जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव द्वारा मलेरिया, डेंगू फाइलेरिया आदि वेक्टर जनित रोगों के कारण, लक्षण, बचाव, जांच उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसी कड़ी में गोदरेज फंडेड पाथ सी एच आर आई संस्था से रीजनल कॉर्डिनेटर डॉक्टर ओजस्विनी त्रिवेदी द्वारा मलेरिया ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल पर पीपीटी के माध्यम से विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया साथ ही प्रसन्नोत्तर के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों से चर्चा की गई, प्रश्नों का उत्तर दिया गया। सहायक मलेरिया अधिकारी संजीव कुमार मिश्रा ने आई0एच0 आई0 पी0 पर मलेरिया रिपोर्टिंग के बारे में जानकारी दिए। वरिष्ट लैब टेक्नीशियन सर्वेश कुमार श्रीवास्तव ने मलेरिया टेस्टिंग पर प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में संबंधित ब्लॉक के सीएचओ, समस्त मलेरिया, फाइलेरिया स्टाफ उपस्थित रहें। प्रशिक्षण के पूर्व प्री टेस्ट एवं बाद में पोस्ट टेस्ट संपादित कराया गया।
जनपद जौनपुर में 2023 में मलेरिया के 9 केस, 2024 में 4 केस, 2025 में 14 केस थे एवं 2026 में अब तक 4 केस रिपोर्ट हुए। मलेरिया मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से फैलने वाला संक्रामक रोग है जिसके मच्छर रुके हुए पानी में पनपते हैं और गंदे, नम, छायादार, अंधेरे स्थानों घरों के अंदर आदि स्थानों पर रहता है और रात में काटता है। इसके पैरासाइट प्लाज्मोडियम होते हैं।
मलेरिया में ठंडक, कंपकपी लग कर बुखार आता है समय से जांच उपचार न कराने पर उल्टी, मितली, भूख, खून की कमी, कमजोरी, सिर, बदन में दर्द आदि लक्षण देखने को मिलते हैं। मलेरिया के जांच उपचार हेतु जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज समस्त सामुदायिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर टेस्ट किट, आवश्यक दवाएं क्लोरोक्वीन, प्राइमाक्वीन उपलब्ध हैं। वर्ष 2026 में पूरे जनपद में अभी तक 56254 जांच एवं विगत वर्ष 2025 में 384519 जांच संपादित की गई थी।
जिला मलेरिया अधिकारी ने जन समुदाय को से अपील की है कि अपने घरों के आस पास साफ सफाई रखिए, जल जमाव न होने दें, खुली बदन न सोएं, पूरी आस्तीन के कपड़े पहने, रुके हुए पानी में जला हुआ मोबिल, एंटीलार्वल रसायन का छिड़काव करें। बुखार की स्थिति में तरल खाद्य पदार्थों का सेवन करें,तला भुना गरिष्ठ भोजन न करें। अपने से दवा न खाएं।
जल जमाव होगा जहां
मच्छर पैदा होंगे वहां।
मच्छरदानी का करो प्रयोग
दूर होगा मलेरिया रोग।
हम सबने यह ठाना है
मलेरिया को जड़ से मिटाना है।
———-
जौनपुर 13 मार्च 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-07
असम के गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम में मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के द्वारा किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया।
कार्यक्रम में मा0 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग उ0 प्र0 श्री गिरीश चंद्र यादव जी, मा0 विधायक मड़ियाहूँ डॉ0 आर0 के0 पटेल, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण की उपस्थिती में कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को देखा गया तथा मा0 प्रधानमंत्रीजी के उद्बोधन को सुना गया।
इस अवसर पर मा0 राज्य मंत्री श्री गिरीश चंद्र यादव जी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से किसानों को खेती-किसानी के कार्यों में आर्थिक सहायता प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ सीधे किसानों तक पहुंच रहा है। जनपद के 672370 किसानों के खाते में 134.474 करोड़ की धनराशि ट्रांसफर की गई है।
जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र ने कहा कि जनपद के सभी पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है तथा किसी भी पात्र किसान को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। योजनांतर्गत अब तक जनपद में कुल 955807 लाभार्थियों को 2865.15 करोड़ की धनराशि प्राप्त हो चुकी है।
कार्यक्रम में पीडी डीआरडीए केके पांडेय,उपनिदेशक कृषि डा.वी बी द्विवेदी, जिला कृषि अधिकारी विनय कुमार सिंह, डिप्टी पीडी आत्मा डा. रमेश चंद्र यादव, जिला उद्यान अधिकारी डा.सीमा सिंह राणा, अपना दल के प्रदेश महासचिव पप्पू माली, डा. अजय सिंह संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, किसान एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
——————-

