अरबपति एलन मस्क इन दिनों ट्विटर को लेकर काफी चर्चा में बने हुए हैं। अब उन्होंने एक और बड़ा मिशन लॉन्च किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने मंगलवार को दुनिया का सबसे शक्तिशाली रॉकेट ‘फाल्कन हेवी’ को लॉन्च कर दिया। स्पेसएक्स के अधिकारियों के अनुसार, तीन साल के बाद रॉकेट को फ्लोरिडा से सुबह 9:41 बजे लॉन्च किया गया।
फाल्कन हेवी रॉकेट से अमेरिकी स्पेस फोर्स के सैटेलाइटों कोअंतरिक्ष में भेजा गया है। स्पेस फोर्स ने अपने उपग्रहों का कोई विवरण अभी तक नहीं दिया साथ ही कंपनी से अनुरोध किया कि स्पेसएक्स अपनी लॉन्च लाइव स्ट्रीम को जल्दी समाप्त कर दे।
यह मिशन स्पेस फोर्स द्वारा वर्षों से विलंबित था। इससे पहले 2018 में एलन मस्क ने फाल्कन हेवी रॉकेट से अपने दूसरी कंपनी टेस्ला की एक लाल स्पोर्ट्स कार को परीक्षण पेलोड के रूप में अंतरिक्ष में भेजा था। इस रॉकेट का वजन दो स्पेस शटर के वजन के बराबर है, जिसका वजन 63.8 टन है। 230 फुट लंबे इस रॉकेट में 27 मर्लिन इंजन लगे हैं, जो इस दुनिया का सबसे शक्तिशाली रॉकेट बनाता है। सैटर्न-5 अब तक का सबसे पावरफुल रॉकेट था। जिसको नासा ने चांद पर खोज के लिए उपयोग किया था।

