हरदोई की बेटी ने बढ़ाया जिले का मान: गूगल एआई एक्सेलेरेटर में चमकी अर्पिता कपूर की प्रतिभा
सिटी रिपोर्टर प्रत्यूष पाण्डेय
हरदोई। हरदोई जिले के लिए गर्व की बात है कि जिले के पिहानी कस्बे में जन्मी अर्पिता कपूर, जो वैश्विक फिनटेक स्टार्टअप मायसा की को-फाउंडर एवं सीईओ हैं, ने गूगल एआई एक्सेलेरेटर डेमो डे में अपनी असाधारण उपलब्धियों का दमदार प्रस्तुतीकरण किया। इस सफलता पर अर्पिता की मां स्मिता कपूर और पिता अतुल कपूर को लगातार बधाई संदेश मिल रहे हैं।
गौरतलब है कि गूगल ने दुनिया भर से चुनी गई टॉप 20 एआई इनोवेशन स्टार्टअप्स में मायसा को स्थान दिया है, जो हरदोई तथा भारत के लिए एक बड़ा सम्मान है।
डेमो डे में पेश किया गया नया फिनटेक भविष्य
कार्यक्रम में अर्पिता कपूर ने बताया कि आज भी अधिकांश कंपनियों की वित्तीय जानकारी ईमेल, चैट, इआरपी और बैंकिंग सिस्टम में बिखरी रहती है, जिसे जोड़ने में टीमों को घंटों लग जाते हैं।
मायसा इस जटिल प्रक्रिया को स्मार्ट, सरल और त्रुटि रहित बनाकर फिनटेक सेक्टर में क्रांतिकारी बदलाव ला रहा है।
मायसा की एआई क्षमताएँ जो बदल रही हैं दुनिया
एआई स्मार्ट स्कैन — 20 से अधिक भाषाओं में डॉक्यूमेंट पढ़ने की क्षमता
मल्टी-बैंक पेमेंट ऑटोमेशन
95% तक त्रुटियाँ कम और 90% तक कम मैनुअल कार्य
माइलो, एक मल्टीलिंगुअल एआई फ़ाइनेंस असिस्टेंट
एल एल एम-पावर्ड स्मार्ट स्कैन डॉक्यूमेंट इंटेलिजेंस इंजन
टैक्स एजेन्टस् , जो स्वतः टैक्स फ़ाइल कर सकते हैं बीटा वर्ज़न
अर्पिता ने कहा कि गूगल एआई एक्सेलेरेटर ने इन तकनीकों को और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने गूगल टीम के साथ ही मायसा की फाउंडिंग टीम — मोहित रंगराजू, अशुतोष प्रसाद पाणिग्रही और मोहित जैन — के योगदान के लिए भी आभार व्यक्त किया।
हरदोई से विश्व तक—सफलता की प्रेरक कहानी छोटे से कस्बे पिहानी से निकलकर दुनिया की शीर्ष एआई फिनटेक इनोवेशंस में शामिल होने तक का अर्पिता कपूर का सफ़र प्रेरणादायक है। उनकी इस उपलब्धि ने एक बार फिर हरदोई और पिहानी का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गर्व से ऊँचा कर दिया है।
जिले वासियों और शहरवासियों में अर्पिता की इस उपलब्धि को लेकर गहरी खुशी और गर्व की लहर है।

