होली पर मिलावट के खिलाफ सख्ती: 164 प्रतिष्ठानों की जांच, 46 नमूने भेजे गए जांच को
जौनपुर, यूपी के जौनपुर में शनिवार को सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जौनपुर द्वारा आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने होली पर्व को देखते हुए 19 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने जनपद के विभिन्न बाजारों में सघन जांच अभियान चलाया।
इस मामले में जानकारी देते हुए सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवा आशीष उपाध्याय ने बताया कि
28 फरवरी को खाद्य सचल दल द्वारा अलग-अलग प्रतिष्ठानों से रंगीन कचरी, नमकीन, छेना मिठाई, किसमिस एवं बर्फी समेत कुल 6 नमूने संग्रहित कर जांच हेतु खाद्य विश्लेषक को भेजे गए। इस दौरान 24 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में एक प्रतिष्ठान पर मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होने के संदेह पर लगभग 199 किलोग्राम रंगीन कचरी अनुमानित मूल्य 9,950 रुपये जब्त की गई।
पूरे अभियान के दौरान 164 प्रतिष्ठानों की जांच करते हुए 46 नमूने संग्रहित किए गए। साफ-सफाई में कमी पाए जाने पर 36 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किया गया। वहीं दो प्रतिष्ठानों पर 125 किलोग्राम मिल्क केक मूल्य 16,250 रुपये और 100 किलोग्राम डोडा बर्फी (मूल्य 20,000 रुपये को मानव उपभोग के अयोग्य पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट कराया गया।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी पर कड़ी नजर रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

