अयोध्या।(सरवन कुमार नगर संवाददाता)वैदिक मंत्रोच्चारों के बीच आज नंदीग्राम में 23वें भरतकुंड महोत्सव के पूर्व न्यास के सदस्यों ने विघ्नहर्ता गणेश जी की विधिवत पूजा अर्चना करते हुए भूमि पूजन किया।निर्विघ्न रूप से एक और सफल महोत्सव की कामना भी की।इसके उपरांत हुई बैठक में आज ही महोत्सव में इस वर्ष नंदीग्राम रत्न और महायोगीराज सम्मान के चयनित नामों की घोषणा भी कर दी। संपन्न हुई बैठक में महोत्सव को भव्य बनाने के लिए न्यास समेत आयोजन समिति के लोगों ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।भरतकुंड में आयोजित भूमि पूजन में न्यास के उपाध्यक्ष गिरीश पांडेय डिप्पुल, महासचिव सतीश पांडेय और अंजनी पांडेय आदि ने वैदिक मंत्रों के बीच हवन पूजन किया। भूमि पूजन आचार्य राधेश्याम शुक्ल, महंत अरविंद दास ने सम्पन्न कराया। इस दौरान मीडिया प्रभारी राकेश मिश्र, दुरदुरिया पूजन प्रभारी विजय माला, काजल पाठक, साहब दीन गौड़ आदि ने आहुतियां डालीं। इसके उपरांत बैठक की अध्यक्षता करते हुए न्यास के अध्यक्ष अंजनी कुमार पांडेय ने बताया कि इस पांच दिवसीय भरतकुंड महोत्सव के 16 दिसम्बर उद्घाटन सत्र में 2100 महिलाओं द्वारा धार्मिक दुरदुरिया पूजन को लेकर महिलाओं में विशेष हर्ष है। अब तक प्राप्त सूचनाओं के आधार पर महिलाओं की संख्या नियत 2100 से भी ज्यादा होने की पूरी उम्मीद है। महोत्सव के मीडिया प्रभारी राकेश मिश्र ने बताया कि आज प्रज्ञा मार्केट में संपन्न हुई बैठक में 23 में भरतकुंड महोत्सव में नंदीग्राम रत्न सम्मान कला के क्षेत्र में अवनीश विश्वकर्मा, साहित्य के क्षेत्र में डॉ. सुशील कुमार पांडेय, समाज सेवा में संदीप मित्तल, अनुसंधान के क्षेत्र में डॉ. अनंत नारायण भट्ट, शिक्षा के क्षेत्र में डा प्रकाश चंद्र गिरी, चिकित्सा के क्षेत्र में प्रो सुनीत कुमार सिंह, सांस्कृतिक के क्षेत्र में दिलीप शुक्ला और नारी सशक्तिकरण में आंचल शर्मा को सम्मानित किया जाएगा। प्रतिवर्ष दिया जाने वाला महायोगी राज सम्मान इस वर्ष ओम प्रकाश अंदानी को दिया जायेगा। महोत्सव में यह सम्मान प्रतिवर्ष निस्वार्थ भाव से समर्पण के लिए दिया जाता है।महोत्सव में प्रतिदिन विश्व कल्याणार्थ विश्व शांति महायज्ञ, भरत चरित्र पर आधारित प्राचीन रामलीला, भरत चरित्र पर व्याख्यान, राष्ट्रीय स्तर का दंगल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न परंपरागत नृत्य के साथ विभिन्न प्रतियोगिताएं, रासलीला आदि अन्य कार्यक्रम इस वर्ष के महोत्सव का आकर्षण होंगे। महोत्सव की प्रत्येक शाम का आकर्षण भजन संध्या, लोक संध्या, काव्य संध्या, शास्त्रीय एवं हास्य संध्या समेत विभिन्न कार्यक्रम होंगे। बैठक में अंबरीश चंद्र पांडेय, बृज मोहन तिवारी, एसबी सागर प्रजापति, संजय पांडेय, शत्रुघ्न मोदनवाल सूर्यकांत पांडेय, आदि मौजूद रहे।

