25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, दिनदहाड़े औंछा बाईपास पर हुई मुठभेड़

दिनदहाड़े पर बदमाशोंं से हुई मुठभेड़

मैनपुरी के औंछा बाईपास मार्ग पर बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े कोतवाली पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। करीब एक घंटा चली मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर भानू गिहार पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसका साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गया। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। पकड़े गए बदमाश पर करीब 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

कोतवाली क्षेत्र के नई मंडी के सामने गिहार कालोनी निवासी भानू गिहार एक शराब माफिया है। उस पर कोतवाली में करीब 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी पर एसपी कमलेश दीक्षित की ओर से 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। बृहस्पतिवार दोपहर को इंस्पेक्टर कोतवाली विक्रम सिंह को सूचना मिली कि हिस्ट्रीशीटर भानू अपने एक साथी के साथ औंछा रोड बाईपास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है।

 

बदमाशों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग 

सूचना पर एसआई जैकब फर्नांडीज, एसआई अमित सिंह ने पुलिस बल के साथ बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। बाइक सवार बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। औंछा रोड राधा नगर तिराहा के पास भट्ठा के समीप करीब एक घंटा तक मुठभेड़ चली। मुठभेड़ में इनामी बदमाश भानू गिहार पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसका साथी वहां से भाग निकला।

एसपी कमलेश दीक्षित, एएसपी मधुवन कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि भानू गिहार एक शातिर अपराधी है। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम था। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया। भागे हुए बदमाश की तलाश की जा रही है। उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *