5000 विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क शिक्षण व खेल-कूद सामग्री वितरण कार्यक्रम सम्पन्न
बदलापुर क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय शाहपुरसानी में 5000 विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क शिक्षण एवं खेल-कूद सामग्री वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मा0 सांसद एवं अभिनेता श्री मनोज तिवारी, कार्यक्रम अध्यक्ष/विशिष्ट अतिथि पूर्व गृहराज्य मंत्री महाराष्ट्र श्री कृपाशंकर सिंह, विधायक बदलापुर श्री रमेश चन्द्र मिश्र, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र तथा पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह सहित अन्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर मा0 सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि जनपद में आकर उन्हे हर्ष की अनूभति हो रही है क्योंकि इसी पावन धरती पर उन्हें नई पहचान मिली थी। कार्यक्रम में बच्चों की बड़ी संख्या में उपस्थिति देखकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यही बच्चे देश का भविष्य हैं जितने अधिक बच्चे शिक्षित होंगे, आने वाला समाज उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने प्रत्येक बच्चे को आवश्यक शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया तथा पीली नदी के जीर्णोद्धार कार्य की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है।
विशिष्ट अतिथि पूर्व गृहराज्य मंत्री श्री कृपाशंकर सिंह ने कार्यक्रम के भव्य आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनपद प्रतिभाओं से भरा हुआ है। उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में चयनित युवाओं और उनके अभिभावको और गुरूजनो को बधाई दी।
उन्होने कहा कि मा0 प्रधानमंत्रीजी एवं मा0 मुख्यमंत्रीजी की मंशा है कि ऐसे पुरातन छात्र जिन्होने प्राथमिक विद्यालयों से अपनी पढाई पूर्ण की है और उच्च पदो पर सुशोभित कर रहे है वे अपने विद्यालयों मे जाकर अपने अनुभवों से अध्ययनरत छात्रों को अभिसिंचित करें।
मा0 विधायक श्री रमेश चन्द्र मिश्र ने कहा कि बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य किए जा रहे हैं। शासन के द्वारा बच्चों को बैग, जूता, मोजा, भोजन आदि की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में सामुदायिक सहभागिता और कम्पोजिट विद्यालय शाहपुरसानी के पुरातन छात्र रहे सतीश तिवारी द्वारा 5000 विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क शिक्षण एवं खेल-कूद सामग्री वितरण का यह कार्य अत्यंत सराहनीय है।
उन्होंने विधानसभा क्षेत्र बदलापुर में कराए गए विकास कार्यों की भी विस्तार से जानकारी दी तथा बेसिक शिक्षा अधिकारी के कुशल नेतृत्व में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों की प्रशंसा की।
जिलाधिकारी ने कविता के माध्यम से उपस्थित बच्चों और लोगो को वर्ष 2047 तक देश को विकसित बनाने में अपने अपने योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और खेल के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि वे आगे चलकर समाज और देश के विकास में अपना योगदान दे सकें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षण सामग्री तथा खेल-कूद से जुड़ी आवश्यक वस्तुएँ वितरित की गईं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ब्रजेश यादव, रोहित उपाध्याय, खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद पांडेय, अभिनव तिवारी, अवधेश यादव, मंडल अध्यक्ष शनि शुक्ला, सिध्दार्थ सिंह, बबलू चौहान, लवकुश सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षकगण और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों के प्रति आभार बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ द्वारा व्यक्त किया गया।
———
जौनपुर 07 मार्च 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-02
जिलाधिकारी डा0 दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में तहसील शाहगंज के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी के द्वारा गम्भीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शिकायती प्रार्थना पत्रों पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
अंगद प्रसाद यादव निवासी ग्राम सुल्तानपुर पोस्ट रसूलपुर शाहगंज निवासी द्वारा जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना-पत्र के माध्यम से पैमाइश कराने हेतु अनुरोध किया गया जिस पर जिलाधिकारी के द्वारा संबंधित कानूनगो और लेखपाल को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
रमेश चंद्र उपाध्याय निवासी ग्राम कोकना पिलकिछा द्वारा प्रार्थना पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया कि उनके मुख्य प्रेवश द्वार के सामने विपक्षीगण के द्वारा तीन फीट ऊंची दीवार खडी कर आवागमन को अवरूद्व कर दिया गया है। जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सीओ चकबन्दी और अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि शीघ्र अति शीघ्र समस्या का निस्तारण करें।
अवधेश कुमार यादव निवासी ग्राम शहाबुददीनपुर (गोवरहा) परगना अंगुली द्वारा प्रार्थना पत्र के माध्यम से पुनः पैमाइश कराने के साथ ही पत्थरगडडी उखाडने के विरुद्ध कार्यवाही करने का अनुरोध किया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को स्थलीय जांच कराकर प्रकरण का निस्तारण करने के निर्देश दिये गये।
जिलाधिकारी के समक्ष निवासी महमूदपुर सरपतहा के बनवारी लाल के द्वारा प्रार्थना पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि उनका पुत्र दिव्यांग है उनके द्वारा पेंशन तथा ट्राईसाइकिल दिलाने हेतु अनुरोध किया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को दिव्यांग की पात्रता का सत्यापन कराते हुए आवश्यक कार्यवाही करने, के निर्देश दिए, जिससे दिव्यांग फरियादी को शासन की विभिन्न योजनाओं से आच्छादित किया जा सके।
इसी प्रकार जिलाधिकारी के समक्ष राजस्व विभाग, भूमि विवाद, पथरगड्डी, पेंशन आदि से सम्बन्धित शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसपर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए ससमय निस्तारण करने के निर्देश दिये।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी के समक्ष 57 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, मौके पर 09 शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी शाहगंज, क्षेत्राधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
तहसील सदर अंतर्गत कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसी क्रम में अन्य तहसीलों में भी संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया तथा लोगों की शिकायतों को सुना गया तथा त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
———–
जिला सूचना कार्यालय, जौनपुर द्वारा जारी

