BF.7 की गंभीरता कम, फिर चीन में क्यों बिगड़े हालात? एक रिपोर्ट ने कई देशों की बढ़ा दी चिंता

नई दिल्ली   :   चीन में कोरोना संक्रमण के अचानक बढ़े मामले वैश्विक चिंता का कारण बने हुए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने हालिया रिपोर्ट में सभी देशों को अलर्ट करते हुए बचाव के उपायों को तेज करने की सलाह दी है। चीन में कोरोना के संक्रमण के लिए अति-संक्रामक ओमिक्रॉन BF.7 वैरिएंट को प्रमुख कारण माना जा रहा है। शोध बताते हैं कि इस वैरिएंट की संक्रामकता दर भले ही अधिक है पर इससे गंभीर रोग का खतरा कम है। ऐसे में बड़ा सवाल उठता है कि फिर चीन में इतनी तेजी से हालात गंभीर रूप क्यों लेते जा रहे हैं? हल्के लक्षणों वाला यह वैरिएंट चीन में इतना गंभीर क्यों साबित हो रहा है? इस सवाल को लेकर विशेषज्ञों की टीम ने बड़ा दावा किया है।

इस संबंध में तिब्बत प्रेस ने बड़ा खुलासा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक चीन के लोगों को दी गई वैक्सीन की प्रभावशीलता काफी कम देखी जा रही है, इस वजह से यहां संक्रमण की स्थिति में ओमिक्रॉन जैसे हल्के वैरिएंट के कारण भी लोगों को गंभीर जटिलताओं का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल चीन में ज्यादातर संक्रमितों में निम्न स्तर की एंटीबॉडीज देखी जी रही है, इसके कारण यहां न सिर्फ संक्रमण का खतरा बढ़ा है साथ ही लोगों में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं भी देखी जा रही है। विशेषज्ञों ने चेताया है कि जिन देशों ने चीन की वैक्सीन को अपने यहां प्रयोग किया है उन्हें भी अलर्ट रहने और लोगों की प्रतिरक्षा बढ़ाने के लिए उपाय करने की आवश्यकता है।

चीनी टीकों की प्रभावशीलता बेहद कम, साइड इफेक्ट्स का भी जोखिम

तिब्बत प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है, चीनी टीकों की प्रभावशीलता कम होने के कारण यहां लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम देखी जा रही है, यही कारण है कि यहां संक्रमण इतनी गंभीर रूप ले रहा है। जिन देशों में चीनी टीके लगाए गए हैं, वहां के  लोगों की भी प्रतिरक्षा पर प्रश्नचिन्ह है, वहां भी संक्रमण की स्थिति में गंभीर रोगों का खतरा हो सकता है। इस तरह के जोखिमों को ध्यान में रखते हुए सरकारों को टीकाकरण को लेकर फिर से विचार करने और लोगों को प्रभावी बूस्टर डोज लगवाने पर जोर देना चाहिए। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि लोगों ने चीनी वैक्सीन से गंभीर साइड-इफेक्ट्स का भी अनुभव किया है, जो भी एक खतरे की तरफ इशारा करती है।

किन देशों ने आयात किए थे टीके

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इंडोनेशिया, तुर्किस्तान,  ब्राजील, ईरान, पाकिस्तान, कोलंबिया, श्रीलंका, चिली, मैक्सिको, बांग्लादेश ने चीनी वैक्सीन आयात किए थे। दिसंबर 2020 में, इंडोनेशिया और ब्राजील ने शुरुआत में चीनी वैक्सीन की प्रभाविकता 78-97 फीसदी होने का भी दावा भी किया था। हालांकि अब चीन में बिगड़ते हालात को देखते हुए तुर्की सरकार ने इन टीकों की प्रभावशीलता की जांच शुरू कर दी है।

कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि चीन ने अपने वैक्सीन से होने वाले साइड-इफेक्ट्स को छिपाने के लिए डेटा टेम्परिंग भी की है, इस तरह के मामले सामने आने के बाद वैक्सीन आयात करने वाले देशों ने नए सिरे से इसकी प्रभावशीलता की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *