अमरोहा: के हसनपुर में पत्नी और बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहे सेना के जवान अंकित के पेट में सांड़ ने सींग घुसा दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक गिरने से पत्नी और दोनों बच्चे घायल हो गए।
रहरा थाना क्षेत्र के गांव नबावपुरा खादर निवासी किसान चंद्रपाल सिंह का बेटा अंकित कुमार भारतीय सेना में जवान थे। इस समय उनकी तैनाती पंजाब राज्य में चल रही थी। रविवार को वह छुट्टी लेकर दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए अपने गांव आए थे। मंगलवार को शादी होनी थी। इससे पहले ही सोमवार को अंकित किसी काम से अपनी पत्नी सोनम और दो मासूम बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर अमरोहा जा रहे थे। हसनपुरा-अतरासी मार्ग पर बावनखेड़ी गांव के नजदीक रास्ते में ब्रेकर होने की वजह से अंकित ने बाइक धीमी कर ली। तभी सड़क किनारे घूम रहे एक सांड़ ने अंकित पर हमला कर दिया। उनके पेट में सींग घुसा दिया। जिससे पेट फट गया। मौके पर ही अंकित की मौत हो गई। जबकि पत्नी सोनम और बच्चे बाइक से गिरकर बुरी तरह से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने सांड को भगाया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को हसनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवाकर पोस्टमार्टम भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। हादसे में आर्मी के जवान की मौत की सूचना मिलने पर एसडीएम अशोक कुमार शर्मा और सीओ अभिषेक कुमार यादव ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। सीओ अभिषेक कुमार यादव का कहना है कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

