आगरा में बीएससी के दो पेपर आउट: विश्वविद्यालय प्रशासन ने निरस्त की परीक्षा, जांच के लिए समिति का गठन

कॉलेज प्राचार्य से जानकारी लेते पुलिस अधिकारी

आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा में बीएससी तृतीय वर्ष का गणित और जंतु विज्ञान का प्रश्नपत्र बुधवार को परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पहले आउट हो गया। आगरा कॉलेज के बाहर झुंड में खड़े होकर परीक्षार्थी प्रश्नों को हल कर रहे थे। मोबाइल पर पेपर आया था। प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने 10.45 बजे परीक्षार्थियों को पकड़ लिया। जबकि परीक्षा 11:30 बजे शुरू होनी थी।

परीक्षार्थियों के फोन में पेपर मिले हैं। इस मामले में करीब 10 युवक पकड़े गए हैं। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए। आरोपियों से पूछताछ की। उधर, पेपर आउट होने के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन ने दूसरी पाली की परीक्षा निरस्त कर दी है। पूरे प्रकरण की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया जा रहा है।

कॉलेज के बाहर खड़े थे परीक्षार्थी 

आगरा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनुराग शुक्ल ने बताया कि पेपर आउट होने का मामला प्रकाश में आया है। प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने कॉलेज के बाहर सड़क पर खड़े परीक्षार्थियों के मोबाइल जब्त किए हैं। जांच में परीक्षार्थियों के मोबाइल पर बीएससी तृतीय वर्ष का गणित और जंतु विज्ञान के प्रश्नपत्र मिले हैं। उन्होंने बताया कि कुछ छात्रों द्वारा यह जानकारी दी गई थी कि कुछ अराजकतत्व कहीं से पेपर पाते हैं और ब्लैक में बेचते हैं। इसके बाद सतर्कता बरती गई। प्राचार्य ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।

दोषियों के विरुद्ध होगी कार्रवाई 

विश्वविद्यालय के पीआरओ प्रो. प्रदीप श्रीधर ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने बुधवार को दूसरी पाली में हुई 11:30 बजे से 01.30 बजे तक हुई जूलॉजी और मैथ का बीएससी पार्ट 3 का पेपर निरस्त कर दिया गया है। प्रकरण की विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा रही है । विश्वविद्यालय द्वारा संपूर्ण प्रकरण की जांच करने के लिए एक चार सदस्यीय समिति का गठन किया जा रहा है , जिसकी रिपोर्ट यथाशीघ्र मंगवाई जाएगी और उसके आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *