मुंबई – प्रसिद्ध कत्थक नृत्यांगना नीलांगी कलंत्रे की मुंबई यात्रा के दौरान ‘प्रज्ञा वेलफ़ेयर फाउण्डेशन’ के डायरेक्टर कमलेश वासवानी व डायरेक्टर प्रज्ञा शर्मा ने किया सम्मानित।
जबलपुर की रहने वाली निलांगी जी ने 14 साल तक गुरु शरदिनी गोळे और महान गुरु रोहिणी भाटे के संरक्षण में नृत्यभारती कथक नृत्य अकादमी, पुणे में व्यापक प्रशिक्षण लिया है। उन्होंने देश व विदेशों में कई एकल नृत्य प्रस्तुतियाँ भी दी हैं।
कवयित्री व शायरा डॉ. प्रज्ञा शर्मा की रचनाओं पर नृत्य प्रदर्शन के सिलसिले में उनका मुंबई आगमन हुआ है। नीलांगी जी ने बताया कि पहली बार मैंने डॉ प्रज्ञा का काव्यपाठ कटनी में डॉ समीर व डॉ स्नेहलता की संस्था लिटिल स्टार में सुना था। उसी समय से मेरे मन में उनकी कविताओं के साथ नृत्य का समावेश करने की इच्छा जाग गई थी। एक कलाकार को सदैव प्रयोगधर्मी होना भी चाहिए। दो दिनों के मुम्बई प्रवास के दौरान प्रज्ञा जी के शेर और कविताओं के साथ मैंने कुछ नए प्रयोग करने का प्रयास भी किया है। यदि लोगों ने इसे सराहा तो हम आगे और भी नए प्रयोग करेंगे।
इस सम्मान समारोह में शहर की कई प्रमुख हस्तियाँ शामिल हुईं, जिनमें सामाजिक संस्था सृष्टि के संस्थापक बिपिन गुप्ता, पैरामाउंट एडहेसिव टेप्स के डायरेक्टर कमलेश वासवानी, बज़मोर मीडिया के डायरेक्टर जीतेश वैश्य, टीवी अभिनेत्री विश्वप्रीत कौर, श्रीया इंटरनेशनल के मालिक दीपक सोमानी, उद्योगपति देवांग शाह, आर्किटेक्ट आकांक्षा, आर्ट डायरेक्टर योगिनी कुलकर्णी सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में श्री कमलेश ने आए हुए अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए मीडिया बंधुओं से कहा कि हम पेशे से भले ही उद्योगपति हैं लेकिन कला साहित्य के पारखी भी हैं। हमारा व्यापार हमें धनलाभ देता है और साहित्यकारों कलाकारों का सानिध्य हमें आनंदलाभ देता है।

