सार
खरगोन कर्फ्यू में थोड़ी राहत दी गई है। आज सुबह 10 से शाम 4 बजे तक ढील रहेगी। इसके आदेश जारी हो गए हैं। हालांकि इस दौरान पुलिस प्रशासन कड़ी नजर रखेगा। राहत की बात है कि इस दौरान बैंकों को खोलने की भी अनुमति दी गई है।
विस्तार
खरगोन कर्फ्यू में राहत दी गई है। बुधवार को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक ढील रहेगी। इसके आदेश जारी हो गए हैं। हालांकि इस दौरान पुलिस प्रशासन कड़ी नजर रखेगा। राहत की बात है कि इस दौरान बैंकों को खोलने की भी अनुमति दी गई है।
बता दें कि रामनवमी पर हुए उपद्रव के बाद खरगोन में कर्फ्यू लगाया गया है। कुछ दिनों से दो-दो घंटे की ढील दी जा रही थी। मंगलवार को जारी आदेश के मुताबिक बुधवार 20 अप्रैल सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक कर्फ्यू में छूट मिलेगी। इस संबंध में अपर कलेक्टर एसएस मुजाल्दा ने मंगलवार शाम को आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार यह छूट मेडिकल, दूध, फल, सब्जी, किराना, इलेक्ट्रिक व इलेक्ट्रॉनिक के साथ इलेक्ट्रिक रिपेयरिंग, बर्तन दुकान, हार्डवेयर मटेरियल, मिष्ठान, नमकीन भंडार, सैलून, खाद बीज और आटा चक्की के लिए लागू रहेगी। इसके साथ ही शहरी क्षेत्र में स्थित बैंक और पोस्ट ऑफिस भी खुलेंगे।
शहरी क्षेत्र में स्थित बैंक और पोस्ट ऑफिस 10 अप्रैल को हुई घटना के बाद से बंद थे। बैंक बंद होने से शहरी क्षेत्र की अधिकांश एटीएम मशीनों के राशि खत्म हो चुकी है। इससे लोगों को असुविधा हो रही थी। बुधवार मिलने वाली छूट के दौरान वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। पेट्रोल पंप फिलहाल बंद ही रहेंगे। सकल हिन्दू समाज ने भी प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद विरोध प्रदर्शन को निरस्त कर दिया है, जिससे के चलते छूट के दौरान संबंधित दुकानें खुलेंगी।

