ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी क्षेत्र में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी जीशान को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, एनकाउंटर के दौरान जीशान को गोली लगी। उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
हमले की घटना
शुक्रवार सुबह बाइक सवार दो हमलावर सलीम वास्तिक के कार्यालय में घुसे और उन पर धारदार हथियार से हमला कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सलीम को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए दिल्ली स्थित गुरु तेग बहादुर हॉस्पिटल (जीटीबी अस्पताल) रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी गर्दन का ऑपरेशन किया जा चुका है, जबकि एक अन्य सर्जरी प्रस्तावित है। उनकी स्थिति फिलहाल गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पुलिस मुठभेड़ घटना मुख्यमंत्री के बयान के अगले दिन हुई। पुलिस ने बताया कि जीशान अमरोहा जनपद का निवासी था। एनकाउंटर के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
सलीम वास्तिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो कंटेंट बनाते हैं। उनके कुछ वीडियो को लेकर पहले भी विरोध और कथित धमकियों की जानकारी सामने आई थी। पुलिस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच में जुटी है।

