गाजियाबाद: गाजियाबाद समेत लगभग पूरे एनसीआर में गिरते हुए तापमान और बढ़ते हुए प्रदूषण के कारण काफी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ रही है, अस्पतालों के ओपीडी में मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है ज्यादातर लोग खांसी-जुकाम, गले में खराश, सीने में भारीपन और सांस फूलने जैसी समस्याओं से परेशान हैं | बदलते हुए मौसम तथा प्रदूषण के कारण आम जीवन काफी प्रभावित हो रहा है जिसका सीधा प्रभाव लोगों के फेफड़े और दिल पर पड़ रहा है और इसी कारण पुराने मरीजों की सेहत और बिगड़ती जा रही है| बढ़ती हुई मरीजों की संख्या को देखते हुए गाजियाबाद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अखिलेश मोहन ने विस्तृत एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि जिस इलाके में प्रदूषण ज्यादा है वहां जाने से परहेज करें,क्षेत्र का एयर क्वालिटी इंडेक्स जांच लें, सुबह शाम धूल मिट्टी ज्यादा उड़ती है उस समय घर से बाहर कम निकले, बाहर निकलते समय ज्यादा से ज्यादा मास्क का इस्तेमाल करें| स्वास्थ्य विभाग की तरफ से अस्पतालों को इमरजेंसी वार्ड में ऑक्सीजन और पर्याप्त दवाओं का भंडार रखने के निर्देश दिए गए हैं, सभी विशेषज्ञ डॉक्टरों को पूरी जिम्मेदारी के साथ मरीजों का सही तरीके से इलाज करने की सलाह दी गई है|

