गीता गोष्ठी समीक्षा बैठक में आगामी समारोह पर हुई चर्चा
गोण्डा।
मालवीय नगर के रामलीला मैदान स्थित रामेश्वरम शिव मंदिर में गीता गोष्ठी में पिछले पखवारे सम्पन्न रजत जयंती समारोह की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया ।
गीता श्लोक पर नियमित चर्चा के उपरांत समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए गीता रजत जयंती समारोह के संयोजक इं. सुरेश दूबे ने कहा कि गीता गोष्ठी की नियमित साप्ताहिक गोष्ठी एवं वर्ष में दिसम्बर माह में एक बार गीता जयंती समारोह का आयोजन चलता रहा है। उन्होंने पिछले 14 दिसम्बर को सम्पन्न हुए रजत जयंती समारोह के सफल आयोजन के लिए गोष्ठी के सभी सदस्यों को बधाई दी और आगामी वर्ष गीता समारोह और भी भव्य व आकर्षक रूप से आयोजित करने के लिए गीता प्रेमियों को समारोह का दायित्व संभालने का आह्वान किया। चर्चा में उपस्थित उत्तम शुक्ल एवं पवन जायसवाल ने समारोह आयोजन के लिए सक्रिय कमेटी का गठन एवं नगर के अध्यात्म प्रेमियों को गोष्ठी से जोडने का सुझाव दिया। बैठक में उपस्थित अन्य सदस्यों ने आगामी बैठक में गोष्ठी से जुड़े सभी सदस्यों की उपस्थिति में समारोह के आयोजन पर विचार करने पर बल दिया।
इस मौके पर उत्तम शुक्ल, अनिल सिंह, धीरेन्द्र प्रताप पाण्डेय, रमेश दूबे, अशोक जायसवाल, अनिल सिंह , दिनेश तिवारी , श्याम अनुज द्विवेदी आदि मौजूद रहे।

