जिलाधिकारी डॉ० दिनेश के निर्देशन में तहसील शाहगंज के रामलीला मैदान में दिनांक 04 दिसम्बर 2025 को शाहगंज महोत्सव का आयोजन किया जायेगा
जौनपुर 03 दिसम्बर, 2025 (सू0वि0) – जिलाधिकारी डॉ० दिनेश के निर्देशन में जनपद के तहसील शाहगंज के रामलीला मैदान में दिनांक 04 दिसम्बर 2025 को शाहगंज महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है जिसके अंतर्गत मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन होगा, जिसके सफल संचालन हेतु जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दायित्व सौंपते हुए ड्यूटी लगाई गई है। कार्यक्रम के सुचारु संपादन एवं व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को समय से उपस्थित रहकर अपने कार्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। सामूहिक विवाह आयोजन के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा बायोमैट्रिक विधि से जोड़ो का सत्यापन कराया जायेगा। सामूहिक विवाह कार्यक्रम हेतु परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण को नोडल नामित किया गया है। उपजिलाधिकारी शाहगंज कानून व्यवस्था के साथ ही सम्बन्धित अधिकारियों के साथ समन्वय करते हुए कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न करायेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि सामूहिक विवाह योजना शासन की महत्वपूर्ण सामाजिक कल्याण योजना है, जिसके माध्यम से पात्र लाभार्थियों को सम्मानजनक एवं व्यवस्थित तरीके से विवाह संपन्न कराने का अवसर मिलता है। इस कार्यक्रम में पंजीकृत सभी जोड़ों का सुव्यवस्थित तरीके से विवाह संपन्न कराया जाता है।
उन्होंने महोत्सव में लगाए गए सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करते हुए आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का सतत निरीक्षण करें। किसी भी प्रकार की कमी या अव्यवस्था पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम समाज में समानता, सादगी एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। अतः सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं संबंधित टीमें समन्वित रूप से कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना पूर्ण योगदान दें।

