जौनपुर के प्रसिद्ध लोकगायक गोरख यादव के छोटे भाई नितेश यादव का मध्यप्रदेश में जूनियर हाईस्कूल शिक्षक पद पर चयन
देश की उपासना
धनन्जय विश्वकर्मा।
जौनपुर। जनपद के प्रसिद्ध लोकगायक गोरख यादव के परिवार में उस समय खुशी की लहर दौड़ गई, जब उनके छोटे भाई नितेश यादव का चयन मध्यप्रदेश में जूनियर हाईस्कूल में शिक्षक पद पर हो गया। जैसे ही यह शुभ समाचार परिवार और रिश्तेदारों तक पहुंचा, पूरे घर में जश्न का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि नितेश यादव की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में भी खुशी की लहर है। परिजनों ने इसे वर्षों की मेहनत, संघर्ष और समर्पण का परिणाम बताया। इस मौके पर परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और इस उपलब्धि को गर्व का क्षण बताया।
इस अवसर पर लोकगायक गोरख यादव भावुक होते हुए बोले कि
“हमारे घर में पहली बार इतनी बड़ी सरकारी नौकरी लगी है। बाला जी महाराज के आशीर्वाद से आज हमारे परिवार में यह बड़ी खुशी आई है। यह हमारे पूरे परिवार के लिए गर्व का पल है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह सफलता नितेश की कड़ी मेहनत, लगन और परिवार की दुआओं का परिणाम है।
नितेश यादव की इस सफलता की खबर फैलते ही शुभचिंतकों, मित्रों और परिचितों की ओर से फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से बधाइयों का तांता लग गया। कई लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया।
परिवार ने इस उपलब्धि का श्रेय भगवान के आशीर्वाद, परिवार के सहयोग और नितेश की अथक मेहनत को दिया। इस खुशी के मौके पर गोरख यादव ने घर पर मिठाई बांटकर सभी का आभार व्यक्त किया और अपने छोटे भाई के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नितेश यादव की यह उपलब्धि निश्चित रूप से युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है कि लगन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

