जौनपुर 03 जनवरी, 2025 (सू0वि0)- जिला कार्यक्रम अधिकारी ने अवगत कराया है कि वर्तमान समय में जनपद के समस्त प्राथमिक/उच्च प्राथमिक विद्यालय 14 जनवरी 2025 तक शीतकालीन अवकाश के कारण बन्द है। अधिकांश आंगनबाड़ी केन्द्र प्राथमिक/उच्च विद्यालयों में संचालित है। आंगनबाड़ी केन्द्रों पर आने वाले बच्चें प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों से भी छोटे होते है। वर्तमान में पड़ रही ठण्ड एवं शीतलहर के प्रकोप से आंगनबाड़ी केन्द्र पर आने वाले (03 से 06 वर्ष के) बच्चों के बचाव हेतु जिलाधिकारी द्वारा समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों पर (03 से 06 वर्ष के) बच्चों का 14 जनवरी 2025 तक अवकाश घोषित किया जाता है।
उक्त घोषित अवकाश की अवधि में सभी आंगनबाड़ी केन्द्र खुले रहेंगे तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों पर उपस्थित रहकर टी०एच०आर० प्राप्ति/वितरण, वी०एच०एस०एन०डी० सत्र के दौरान लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण, गृहभ्रमण, नये लाभार्थियों का पंजीकरण व सत्यापन, समुदाय आधारित गतिविधियों का आयोजन तथा पोषण ट्रैकर पर समस्त बिन्दुओं की फीडिंग आदि विभागीय कार्यों का निष्पादन पूर्ववत् किया जायेगा। यह आदेश तत्काल प्रभावी होगा।

