
देश को पहली रीजनल रैपिड रेल मिल गई है। शनिवार को गुजरात के सांवली प्लांट में भारत सरकार और एनसीआरटीसी (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्रीय परिवहन निगम) के अधिकारियों को कंपनी ने पहली ट्रेन की चाबी सौंपी। यह ट्रेन अगले दो हफ्ते में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद पहुंचेगी।
कार्यक्रम के दौरान हरी झंडी दिखाकर ट्रेन का उद्घाटन किया गया। गुजरात से छह डिब्बों वाला ट्रेन का पहला कोच सेट सड़क के रास्ते 25 मई को गाजियाबाद स्थित रैपिड रेल के दुहाई डिपो में पहुंचेगा। तकनीकी परीक्षण के बाद दुहाई से साहिबाबाद तक 17 किमी. के ट्रैक पर ट्रेन का ट्रायल शुरू होने की तैयारी की जा रही है।
मार्च-2023 से पहले दुहाई से साहिबाबाद के बीच रैपिड रेल का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। हर छह महीने में 20 किमी. का सेक्शन और खोला जाएगा। अक्टूबर-2023 में दुहाई से मेरठ दक्षिण (मोहिउद्दीनपुर) तक के सेक्शन पर ट्रेन चलने लगेगी। वर्ष 2024 के अंत तक दिल्ली से मोदीपुरम तक रैपिड रेल का संचालन शुरू करने की तैयारी है।

