दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत मे घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
(डाक्टर राजन तिवारी सिटी रिपोर्टर)
अयोध्या।थाना रूदौली क्षेत्र के शुजागंज बाजार में अंसारी मेडिकल के सामने होली के दिन बुधवार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।जानकारी के अनुसार दुर्घटना में बलकराम पुत्र सुन्दर लाल, निवासी ग्राम पंचायत ऐथर, गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सीएचसी रूदौली में भर्ती कराया गया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी स्थिति नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान बलकराम की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल दूसरा युवक भैटौरा गांव का निवासी है, जो इस दुर्घटना में घायल हुआ है।वहीं शुजागंज चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि होली पर्व के चलते दोनों युवक किसी कार्य से आए थे।इसी दौरान दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में घायल बलकराम की इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

