
– शिक्षा क्षेत्र झंझरी के कम्पोजिट विद्यालय हारीपुर के छात्रों की पहल की बीएसए ने की सराहना
आर एल पाण्डेय
गोण्डा। मानव जीवन को सुरक्षित रखने के लिए पर्यावरण का स्वच्छ होना बहुत जरूरी है। वृक्ष और हरी भरी वनस्पतियां मन को खुशी देती हैं। हमारे शास्त्रों में वृक्ष की महत्ता पर कहा गया है कि एक वृक्ष सौ पुत्रों से बढ़कर होते हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने यह विचार शिक्षा क्षेत्र झंझरी के कम्पोजिट विद्यालय हारीपुर नवीन में शैक्षिक प्रतियोगिता विद्यालय के छात्र – छात्राओं को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। श्री सिंह ने बच्चों का आह्वान किया कि वे अपने घर और विद्यालय परिसर को स्वच्छ बनाने का संकल्प लें और परिसर में पेड़ व फूल लगाकर वातावरण को हरा भरा बनाएं। विद्यालय की शिक्षिका व साहित्यकार डा. उमा सिंह के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में छात्र – छात्राओं ने दैनिक उपयोग पर आधारित माडल,चित्रकला , निबन्ध, प्रतियोगिता व गीत – कविता की प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बीएसए ने प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत करने के साथ आयोजन में सहभागी शिक्षिकाओं के रचनात्मक प्रयास की सराहना की। पुरस्कृत छात्राओं में मंजरी सिंह को पवन चक्की व चित्रकला व निबन्ध प्रतियोगिता में शगुन, शिखा, स्वाती, निधि, महक व आदित्य को और सांस्कृतिक गीत कविता के लिए सरिता काजल, रुखसाना व वैष्णवी शामिल रहीं। कार्यक्रम में शिक्षिका डा. उमा सिंह, सन्ध्या श्रीवास्तव, राखी तिवारी व आस्था मिश्रा ने सहभाग किया।

