सुल्तानपुर पांचवें चरण के चुनाव में पांचों विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक पिंक बूथ बनाया गया है। इन मतदेय स्थलों पर पीठासीन से लेकर मतदान कार्मिक महिला होंगी। आयोग के निर्देश पर पांचों विधानसभा क्षेत्र के बूथों को चिह्नित कर लिया गया है। इन बूथों पर सिर्फ महिलाएं ही वोट कर सकेंगी।
पांचवें चरण में 27 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव में जिले में पांच पिंक (सखी) बूथ बनाए गए हैं। आयोग के निर्देश पर पांचों विधानसभा क्षेत्रों के एक बूथ को महिलाओं के लिए पिंक बूथ बनाया गया है। इसमें इसौली विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 26 प्राथमिक विद्यालय खनोहा में स्थापित मतदेय स्थल को पिंक बूथ बनाया गया है। इसी तरह सुल्तानपुर विधानसभा क्षेत्र के सदर तहसील भवन के कक्ष संख्या तीन के मतदेय स्थल 275 को पिंक बूथ बनाया गया है। सदर विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय दियरा के मतदेय स्थल 338 को सखी बूथ के रूप में चिह्नित किया गया है।
लंभुआ विधानसभा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय भदैंया के मतदेय स्थल 43 को सखी बूथ का रूप दिया गया है। कादीपुर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सरैयाकमौरा के मतदेय स्थल 142 को पिंक बूथ बनाया गया है। इन बूथों पर सिर्फ महिलाएं ही वोट कर सकेंगी। महिलाओं की वोटिंग व्यवस्था को देखते हुए इन बूथों पर पीठासीन अधिकारी से लेकर सभी मतदान अधिकारी महिलाएं ही होंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी रवीश गुप्ता ने बताया कि चिह्नित बूथों पर महिला मतदान कार्मिकों को नियुक्त करने का निर्देश दिया गया है।

