पीयू से सम्बद्ध महाविद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब को सक्रिय करने हेतु कुलपति ने किया निर्देशित
18 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके छात्र छात्राएं मतदाता सूची में पंजीकृत कराये नाम-कुलपति
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के महंत अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन में कुलपति प्रो0 वंदना सिंह जी की अध्यक्षता में मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) की समीक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिसमें सभी राजकीय , अशासकीय, स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब को सक्रिय किए जाने और अर्ह छात्र छात्राओं को मतदाता बनने हेतु निर्देशित किया गया।
अतिथियों का स्वागत परीक्षा नियंत्रक डॉ0 विनोद कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर कुलपति डॉ0 वंदना सिंह ने उपस्थित सभी प्राचार्यो को निर्देशित किया कि सभी महाविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लब को गठित करते हुए इसे सक्रीय रखें। उन्होंने कहा कि मतदान और मतदाता लोकतंत्र की रीढ़ हैं और लोकतंत्र की जीवंतता का आधार हैं। लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए सभी पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है और आगामी चुनावों में शत् प्रतिशत मतदान करना उनकी जिम्मेदारी व कर्तव्य है।
मुख्य वक्ता सै0 मो0 मुस्तफा जिला स्वीप कोआर्डिनेटर ने निर्वाचन साक्षरता क्लब के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि ईएलसी का उद्देश्य युवा छात्र छात्राओं को चुनावी अधिकारों के प्रति जागरूक करना और पंजीकरण एवं मतदान की चुनावी प्रक्रिया से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि कालेज के छात्र छात्राएं इस क्लब के सदस्य होंगे, हर कक्षा में कैंपस एंबेसडर की नियुक्ति करें तथा कालेज से एक स्वीप नोडल व एक एक बालक बालिका कैंपस अम्बेसडर बनाकर उसकी सूची विश्वविद्यालय को उपलब्ध करायें। विश्वविद्यालय/कालेजों में जो बच्चे 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं वह प्रारूप 6 पर अपना आवेदन करते हुए निर्वाचक नामावली में उन्हें सम्मिलित करायें। आवेदन बीएलओ को दे या ECINET ऐप डाउनलोड कर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सभी महाविद्यालयों में मतदाता हेल्प डेस्क स्थापित किया जाए।
नोडल अधिकारी पूर्वांचल विश्वविद्यालय डॉ दीपक कुमार मौर्य ने कार्यक्रम की रुपरेखा के बारे में अवगत कराते हुए आभार व्यक्त किया।
कुलपति ने उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ दिलाई। मंच का संचालन उत्कर्ष त्रिपाठी व श्रृद्धा श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी लाल बहादुर, विश्वविद्यालय के प्रो0 मिथिलेश सिंह, डा0 रशिकेश सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य व शिक्षकगण उपस्थित रहे।
——–
जौनपुर 27 फरवरी 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-04
सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जौनपुर ने अवगत कराया है कि आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उ0प्र0, लखनऊ के आदेश एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में आगामी होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों के भण्डारण/विक्रय पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से दिनांक 19.02.2026 से 28.02.2026 तक संचालित विशेष प्रवर्तन अभियान के अन्तर्गत जनपद जौनपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा किये जा रहे प्रवर्तन कार्यवाही के क्रम में खाद्य सचल दल में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण, जौनपुर द्वारा दिनांक 27.02.2026 को जनपद जौनुपर के विभिन्न बाजारों में स्थित अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थ खोया का 04 नमूना, सूजी का 01 नमूना एवं दूध का 01 नमूना, सरसो तेल का 01 नमूना, डोडा बर्फी का 01 नमूना एवं सूजी का 01 नमूना संग्रहीत किया गया है। इस प्रकार आज दिनांक को 13 प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण करते हुए विभिन्न खाद्य पदार्थों का कुल-09 नमूना संग्रहीत करके जांच हेतु खाद्य विश्लेषक को प्रेषित किया गया।
निरीक्षण के दौरान 02 अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों पर मानव उपभोग के उपयुक्त न पाये जाने पर खाद्य पदार्थ मिल्क केक लगभग 125 कि.ग्रा. (अनुमानित मूल्य रू0 16250) एवं खाद्य पदार्थ डोडा बर्फी लगभग 100 कि.ग्रा. (अनुमानित मूल्य रू0 20000) को नियमानुसार मौके पर विनष्ट करवाया गया।
इस प्रकार दिनांक 19.02.2026 से दिनांक 27.02.2026 तक जनपद जौनपुर के कुल- 140 विभिन्न प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण करते हुए विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल-40 नमूनें संग्रहीत कर नियमानुसार जांच हेतु खाद्य विश्लेषक को प्रेषित किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई इत्यादि की कमी पाये जाने पर कुल-32 खाद्य प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान 02 अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों पर मानव उपभोग के उपयुक्त न पाये जाने पर खाद्य पदार्थ मिल्क केक लगभग 125 कि.ग्रा. (अनुमानित मूल्य रू0 16250) एवं खाद्य पदार्थ डोडा बर्फी लगभग 100 कि.ग्रा. (अनुमानित मूल्य रू0 20000) को नियमानुसार मौके पर विनष्ट करवाया गया।
———-
जिला सूचना कार्यालय, जौनपुर द्वारा जारी

