
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के कटरा कोतवाली क्षेत्र के तेलियागंज मोहल्ले में रहने वाले दोस्त ने ही दोस्ती के नाम पर प्रयागराज जिले के बैंक का खाता खोल कर 52 करोड़ का लेनदेन कर डाला। 2014 में खुले खाते की जानकारी इनकम टैक्स विभाग के नोटिस मिलने के बाद खुलासा हुआ। जिसमें ढाई करोड़ का रिटर्न दाखिल करने को कहा गया है। मामले के खुलासे के बाद फर्जीवाड़े के आरोपी बैंक मैनेजर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर संजय कुमार वर्मा ने बताया कि कटरा कोतवाली क्षेत्र के तेलियागंज निवासी आशीष सिंह प्रयागराज के एक्सिस बैंक के चौक शाखा में असिस्टेंट मैनेजर के रूप में नियुक्त था। तेलियागंज निवासी जयप्रकाश केसरी उसका मित्र है। 2014 में आशीष ने जयप्रकाश को बताया कि उसे खाता खोलने का टारगेट मिला है।
लिहाजा दोस्त की नौकरी बचाने के लिए जय प्रकाश ने अपने आवश्यक कागजात दे दिए। खाता के बारे में पूछने पर बताया कि तुम्हारे नाम से खाता खोलने की जरूरत नहीं पड़ी। इस बात को वह भूल गया।

