*प्राण प्रतिष्ठा से पहले विराजमान रामलला करेंगे पंचकोसी परिक्रमा*
अयोध्या डीकेयू लाइव ब्यूरो सुरेंद्र कुमार।राममंदिर निर्माण के बीच रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की भी तैयारियां चल रही हैं। इसे लेकर लगातार बैठकों का दौर जारी है। सोमवार को भी प्राण प्रतिष्ठा प्रबंधन समिति की हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह की शुरूआत विराजमान रामलला को नगर भ्रमण कराने यानि पंचकोसी परिक्रमा के साथ होगी। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान 16 जनवरी से 24 जनवरी के बीच होगा।
प्राण प्रतिष्ठा प्रबंधन समिति की बैठक में समारोह के स्वरूप समेत कई मुद्दों पर चर्चा की गई। विचार आया कि प्राण प्रतिष्ठा से पहले सरयू पूजन कर उसके जल से रामलला का अभिषेक किया जाए। फिर उन्हें रथ से नगर भ्रमण कराया जाएगा। पंचकोसी की परिधि में रामलला को भव्य रथ पर सवार कर भव्यता पूर्वक यात्री निकाली जाएगी। इसके बाद रामलला की मूर्ति को जल, फल और अन्न में एक-एक दिन रखा जाएगा जिसे अनुष्ठान की भाषा में जलाधिवास, फलाधिवास व अन्नधिवास कहा जाता है। नौ दिवसीय समारोह के लिए श्रीराम यंत्र की स्थापना की जाएगी। कार्यक्रम के समापन के बाद इसे सरयू नदी में विसर्जित कर दिया जाएगा। समारोह में हवन के लिए नौ कुंड बनाए जाएंगे। पूरा कार्यक्रम काशी के विद्वानों की देखरेख में होगा। 108 वैदिक आचार्यों की टीम यह पूरा अनुष्ठान संपन्न कराएगी। समस्त अनुष्ठान काशी के प्रसिद्ध विद्वान गणेश्वर द्विवेदी व आचार्य लक्ष्मीकांत के निर्देशन में होना सुनिश्चित हुआ है। राममंदिर का भूमिपूजन भी गणेश्वर द्विवेदी की देखरेख में हुआ था।

