बसंत पंचमी पर डॉ बृज किशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में मंत्री ने किया हवन पूजन

बसंत पंचमी पर डॉ बृज किशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में मंत्री ने किया हवन पूजन

( राजन तिवारी संवाददाता अयोध्या धाम )

अयोध्या।बसंत पंचमी पर देवकाली, अयोध्या में स्थित राजकीय डॉ बृज किशोर होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ विशेष पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस अवसर पर आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग मंत्री दयाशंकर मिश्र “दयालु” ने विधि-विधान से माँ सरस्वती का पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।महाविद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। कार्यक्रम में छात्र–छात्राओं, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बसंत पंचमी के सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस दौरान मंत्री दयाशंकर मिश्र एवं प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से हवन एवं आरती की, जिससे कार्यक्रम की आध्यात्मिक गरिमा और अधिक बढ़ गई। पूजन उपरांत मंत्री दयाशंकर मिश्र ने महाविद्यालय के विभिन्न भू-भागों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संस्थान की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। अपने संबोधन में मंत्री जी ने शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के बढ़ते योगदान की सराहना की। उन्होंने आश्वासन दिया कि महाविद्यालय के समग्र विकास हेतु हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, जिससे शैक्षणिक एवं चिकित्सीय सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ हों। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पेन का वितरण किया गया, जिससे छात्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि रही कि डॉ. तूलिका जैन द्वारा लिखित पुस्तक का विमोचन मंत्री दयाशंकर मिश्र के करकमलों द्वारा किया गया।कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्रशासन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समापन सरस्वती वंदना एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *