महिला सुरक्षा और सम्मान को समर्पित – जागते रहो भारत यात्रा
ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ। ग्रामीण विकास मण्डल हरियाणा, गांधियन सोसायटी ट्रस्ट दिल्ली, राष्ट्रीय युवा योजना और इनरव्हील क्लब माउंट आबू के संयुक्त तत्वावधान में संचालित जागते रहो भारत यात्रा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस आठ मार्च को माउन्ट आबू से शुरू हुई। महिलाओं के साथ हो रहे जघन्य अपराध की पीड़ा से संकल्पित वाहन यात्रा में अलग अलग राज्यों के पांच प्रतिनिधि शामिल हैं। हरियाणा से राजेन्द्र यादव, मध्यप्रदेश से शरद शबल, कृष्ण सिंह बामणिया, गुजरात से जम्मूबेन और राजस्थान से इन्साफ खान प्रथम चरण में शामिल हैं। उज्जैन के अंकितग्राम सेवाधाम में महिला सुरक्षा के लिए आयोजित चर्चा सत्र में सेवाधाम आश्रम संस्थापक सुधीर भाई गोयल ने कहा कि बढ़ती घटनाओं की पृष्ठभूमि में परिवार, समाज, शासन सब कटघरे में हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सब एक दूसरे पर दोषारोपण कर बच निकलने का रास्ता ढूंढते हैं। उन्होंने अपराधियों के चंगुल से छुड़ाने के बाद पुलिस द्वारा सेवाधाम में छोड़ी गई युवतियों के उदाहरण देते हुए बताया कि पारिवारिक माहौल भी मूल कारण है। जागते रहो भारत यात्रा पर चर्चा करते हुए यात्रा संयोजक राजेन्द्र यादव ने कहा कि हम प्राकृतिक प्रदूषण के दुष्परिणामों की तो बात करते हैं लेकिन मानसिक प्रदुषण से वातावरण दमघोटू हो चुका है। इस विचलन में इक्कीस राज्यों, बीस हजार किलोमीटर और एक सौ दिन का यह राष्ट्रीय अभियान इस विकृति को मिटाने का संकल्प है। सेवाधाम से यात्री दल ने इन्दौर के लिए प्रस्थान किया।

