मानसिक चिकित्सालय में भर्ती बंदी के साथ कर्मचारियों ने की मारपीट, जिला अस्पताल में चल रहा उपचार

वाराणसी के पांडेयपुर स्थित मानसिक चिकित्सालय

वाराणसी के पांडेयपुर स्थित मानसिक चिकित्सालय से हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर आरोपों में निरुद्ध बंदी हरिशंकर गुरुवार अलसुबह फरार हो गया। इस बात की जानकारी होने पर अस्पताल के कर्मचारियों ने उसके साथ बैरक में बंद कैदी इमाम अली (35) को मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप लगाया कि हरिशंकर के फरार होने में उसका हाथ था।

शुक्रवार रात हुई पिटाई से घायल इमाम अली को पं. दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मानसिक चिकित्सालय से फरार बंदी हरिशंकर 2020 में गैर इरादतन हत्या के मामले में बांदा में निरुद्ध हुआ था। अस्पताल कर्मियों को शक था कि हरिशंकर के फरार होने में इमाम अली मदद की है।

अस्पताल सूत्रों की मानें तो इमाम अली को मेडिकल बोर्ड आठ माह पहले ही स्वस्थ घोषित कर चुका है। लेकिन किसी कारण से उसे आज तक अस्पताल छोड़ा नहीं जा सका है। इमाम अली को फतेहपुर से यहां भेजा गया है।

 

कपड़े के सहारे सीढ़ी बनाकर दीवार फांद भागा था बंदी

बांदा के कोतवाली नगर थाना अंतर्गत मवई निवासी हरिशंकर को 2020 में हत्या के प्रयास, गैर इरादतन हत्या सहित अन्य आरोपों में बांदा पुलिस ने गिरफ्तार किया था। सत्र न्यायाधीश बांदा के आदेश पर 14 दिसंबर वर्ष 2021 को हरीशंकर को उपचार के लिए मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां मानसिक उपचार किया जा रहा था।

गुरुवार अलसुबह वो अस्पताल बैरक के बाहर कटे पेड़ की लकड़ियों और कपड़े के सहारे सीढ़ी बनाकर ऊंची दीवार को फांद भाग निकला। मानसिक चिकित्सालय की निदेशक और अधीक्षक डॉ. लिली श्रीवास्तव ने कैंट थाने में बंदी हरिशंकर के अस्पताल से भागने का मुकदमा दर्ज कराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *