मुंबई में ICANN85 सम्मेलन: सुरक्षित और सशक्त इंटरनेट के लिए वैश्विक सहयोग पर जोर

 ICANN85 सम्मेलन: सुरक्षित और सशक्त इंटरनेट के लिए वैश्विक सहयोग पर जोर

देश की उपासना समाचार पत्र

धनन्जय विश्वकर्मा

मुंबई, भारत – 9 मार्च 2026 – इंटरनेट कॉरपोरेशन फॉर असाइंड नेम्स एंड नंबर्स (ICANN) द्वारा आयोजित ICANN85 कम्युनिटी फोरम का आयोजन भारत में किया गया है, जिसे राष्ट्रीय इंटरनेट एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NIXI) ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के सहयोग से मुंबई में आयोजित किया है। इस सम्मेलन में दुनिया भर के इंटरनेट विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और खुले, सुरक्षित, समावेशी तथा सशक्त इंटरनेट के निर्माण पर चर्चा की।
यह सम्मेलन 7 से 12 मार्च 2026 तक जियो कन्वेंशन सेंटर, मुंबई में आयोजित किया जा रहा है।
सम्मेलन के स्वागत समारोह में कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और इंटरनेट क्षेत्र के प्रमुख नेता शामिल हुए। इनमें श्री एस. कृष्णन (IAS), सचिव, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY); राजेश अग्रवाल (IAS), मुख्य सचिव, महाराष्ट्र सरकार, सुशील पाल, संयुक्त सचिव, MeitY; डॉ. देवेश त्यागी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, NIXI; त्रिप्ती सिन्हा, चेयरपर्सन, ICANN बोर्ड; कर्टिस लिंडक्विस्ट, अध्यक्ष एवं सीईओ, ICANN; तथा समीरन गुप्ता, उपाध्यक्ष (स्टेकहोल्डर एंगेजमेंट) और एशिया पैसिफिक क्षेत्र के प्रबंध निदेशक, ICANN शामिल रहे।

 एस. कृष्णन (IAS) ने कहा कि आज के समय में इंटरनेट वैश्विक अर्थव्यवस्था, सार्वजनिक सेवाओं, नवाचार और दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण आधार बन चुका है। डिजिटल तकनीक के तेजी से विस्तार के साथ यह जरूरी है कि हम मिलकर इंटरनेट को खुला, सुरक्षित, सशक्त और समावेशी बनाए रखें। ICANN जैसे मंच सरकारों, निजी क्षेत्र, तकनीकी विशेषज्ञों और नागरिक समाज को साथ लाकर इंटरनेट गवर्नेंस के मल्टी-स्टेकहोल्डर मॉडल को मजबूत करते हैं। भारत भी इन वैश्विक प्रयासों में सक्रिय योगदान देने और विश्वसनीय डिजिटल बुनियादी ढांचा विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
महाराष्ट्र के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि इंटरनेट आज आर्थिक विकास, प्रशासन और आम जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। ICANN85 जैसे मंच सरकारों, तकनीकी विशेषज्ञों और उद्योग जगत को एक साथ बैठकर यह विचार करने का अवसर देते हैं कि इंटरनेट को सभी के लिए खुला, सुरक्षित और सुलभ कैसे बनाए रखा जाए।
ICANN बोर्ड की चेयरपर्सन त्रिप्ती सिन्हा ने कहा कि आज की दुनिया पहले से अधिक जटिल और कई बार विभाजित दिखाई देती है। ऐसे समय में इंटरनेट की स्थिरता और विश्वसनीयता और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। हमें अपने कार्य में पारदर्शिता, जिम्मेदारी और अनुशासन बनाए रखते हुए एक ऐसे इंटरनेट के प्रति प्रतिबद्ध रहना होगा जो सुरक्षित, स्थिर और मानवता की विविधता को दर्शाने वाला हो।
ICANN के अध्यक्ष और सीईओ कर्टिस लिंडक्विस्ट ने कहा कि उनका ध्यान इस सप्ताह व्यावहारिक प्रगति पर है ताकि समुदाय द्वारा तय किए गए कार्यों में ठोस परिणाम सामने आ सकें। उन्होंने नए प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपनी राय रखने से हिचकें नहीं, क्योंकि ICANN समुदाय तब सबसे बेहतर काम करता है जब अनुभवी लोगों के साथ नए विचार भी शामिल होते हैं।
ICANN85 कम्युनिटी फोरम में दुनिया भर से आए सरकारी प्रतिनिधि, उद्योग विशेषज्ञ, तकनीकी समुदाय और नागरिक समाज के सदस्य 200 से अधिक सत्रों में भाग ले रहे हैं। इन सत्रों में इंटरनेट के सुरक्षित और स्थिर संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो रही है, जिनमें डोमेन नेम सिस्टम (DNS) का विकास, साइबर सुरक्षा के उपाय और नए जेनरिक टॉप-लेवल डोमेन्स (gTLDs) का विस्तार शामिल हैं।
सम्मेलन के दौरान यह भी रेखांकित किया गया कि इंटरनेट गवर्नेंस में मल्टी-स्टेकहोल्डर मॉडल की महत्वपूर्ण भूमिका है, जिसमें ICANN समुदाय मिलकर नीतियां तैयार करता है, समाधान विकसित करता है और वैश्विक स्तर पर एक सुरक्षित, स्थिर और इंटरऑपरेबल इंटरनेट को बनाए रखने के लिए सहयोग करता है।

ICANN क्या है?
ICANN का उद्देश्य वैश्विक इंटरनेट को स्थिर, सुरक्षित और एकीकृत बनाए रखना है। इंटरनेट पर किसी व्यक्ति या वेबसाइट तक पहुंचने के लिए एक विशिष्ट नाम या नंबर का उपयोग किया जाता है। ICANN इन अद्वितीय पहचानकर्ताओं का वैश्विक समन्वय करता है ताकि दुनिया भर के कंप्यूटर एक-दूसरे को सही तरीके से पहचान सकें। ICANN की स्थापना 1998 में एक गैर-लाभकारी सार्वजनिक संस्था के रूप में की गई थी, जिसमें दुनिया भर के प्रतिभागी शामिल हैं।
और जाने, NIXI के बारे में।
नेशनल इंटरनेट एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NIXI) एक गैर-लाभकारी संगठन है, जिसे इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY), भारत सरकार के अंतर्गत स्थापित किया गया है। NIXI भारत के इंटरनेट ढांचे को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह घरेलू इंटरनेट ट्रैफिक के आदान-प्रदान को सुगम बनाता है, .IN और .भारत (.Bharat) डोमेन का प्रबंधन करता है और देश में इंटरनेट सेवाओं के प्रसार को बढ़ावा देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *