मुख्य चिकित्सा अधिकारी जौनपुर ने अवगत कराया है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जमालापुर रामनगर जौनपुर में 02 चिकित्सा अधिकारियों की ड्यूटी रोस्टरवार सप्ताह में तीन-तीन दिन विकित्सकीय कार्य हेतु लगायी गयी है। जहाँ पर 01 फार्मासिस्ट, 01 एल०टी०, 01 ए०एन०एम०, 01 वार्ड व्याय एवं 01 स्वीपर, तैनात है। तैनात चिकित्सको द्वारा प्रत्येक दिवस पर अपना चिकित्सकीय कार्य करते हुये मरीजों को देखा जा रहा है।
उन्होंने यह भी अवगत कराया है कि पिछले माह में 455 मरीजों का उपचार किया गया एवं 21 मरीज भर्ती किये गये। इस चिकित्सालय पर 16 प्रकार की जांचे उपलब्ध है जहां पर पिछले माह करीब 65 मरीजों के खून, पेशाव आदि की जांच किया गया। इस चिकित्सालय पर 91 प्रकार की दवायें उपलब्ध है। टीकाकरण प्रत्येक सप्ताह में बुधवार एवं शनिवार को कराया जाता है। आशा एवं ए०एन०एम० द्वारा चिकित्सालय पर आये हुये मरीजों का आयुष्मान गोल्डेन कार्ड भी बनाया जा रहा है। यहां पर 12 प्रकार के बिमारियों के टीके उपलब्ध है। इस प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर प्रत्येक माह औसतन 22 प्रसव कराये जाते है।
————
जौनपुर, 06 जनवरी 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-10
मा० भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण-2026 के निर्धारित कार्यक्रम के क्रम में आज 06 जनवरी,2026 को समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के जिलाध्यक्षों/प्रतिनिधियों की उपस्थिति में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के आलेख्य सूची का प्रकाशन किया गया।
इस अवसर पर समस्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों का स्वागत किया गया तथा समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के जिलाध्यक्ष/अधिकृत प्रतिनिधि को सभी विधानसभा निर्वाचक नामावली के आलेख्य प्रकाशन की सूची उपलब्ध कराई गयी। समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के जिलाध्यक्षों/प्रतिनिधियों द्वारा विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के आलेख्य सूची के प्रकाशन हेतु किए गए कार्यो की प्रशंसा की गयी तथा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण एवं प्रेस तथा जनता के प्रति सकारात्मक सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
प्रगाढ पुनरीक्षण कार्यक्रम में बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा घर-घर सर्वे के दौरान एस0आई0आर0 का कार्यक्रम प्रारम्भ होने के समय 27 अक्टूबर, 2025 को जनपद में अवस्थित समस्त नौ विधानसभा क्षेत्रों में कुल 3570851 मतदाता थे। जिसमें 1859013 पुरूष, 1711692 महिला तथा 146 अन्य मतदाता थे। जबकि आज 06 जनवरी, 2026 को प्रकाशित होने वाली विधानसभा निर्वाचक नामावली के अनुसार कुल 2981308 मतदाता हैं जिसमें 1606024 पुरूष, 1375180 महिला एवं 104 अन्य मतदाता हैं। इसके अतिरिक्त जनपद में पूर्व में कुल 3531 मतदेय स्थल अवस्थित थे जो मतदेय स्थलों के सम्भाजन के बाद 641 मतदेय स्थल बढ़कर कुल 4172 हो गये हैं।
मा० भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 06 जनवरी, 2026 से 06 फरवरी 2026 तक दावे तथा आपत्तियां दाखिल किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त दिनांक 11 जनवरी, 2026 को समस्त मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी एवं पदाभिहित अधिकारी द्वारा विधानसभा निर्वाचक नामावली को पढ़ा जायेगा तथा क्षेत्र के संबंधित मतदाता अपने बूथ पर उपस्थित होकर मतदाता सूची का अवलोकन कर सकते हैं तथा फार्म-6, 7 व 8 भी बीएलओ को उपलब्ध करा सकते हैं। इसमें किसी प्रकार की कठिनाई होने पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या उप जिला निर्वाचन अधिकारी से सम्पर्क कर कठिनाईयों का निराकरण कर सकते हैं।
मतदान केन्द्रों पर प्राप्त होने वाले दावे और आपत्तियों से संबंधित विभिन्न फार्मो जैसे फार्म-6 , 6ए, 7 व 8 की सूचिया निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा फार्म-9, 10,11, 11क व 11ख में तैयार की जायेगी और इसे नोटिस बोर्ड एवं संबंधित पोलिंग स्टेशनों के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित किया जायेगा।
मा० भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 04 अर्हक तिथिया निर्धारित की गयी है, अतः दावे और आपत्तिया प्राप्त करने की अवधि के दौरान यदि कोई मतदाता 01 जनवरी की अर्हता तिथि के अतिरिक्त 01 अप्रैल, 01 जुलाई, व 01 अक्टूबर को अर्ह हो रहे है तो उन सभी अर्ह मतदाताओं से फार्म-6 प्राप्त कर लिया जाएगा और यथासमय उनके नाम मतदाता सूची में शामिल किये जाने की नियमविहित प्रक्रियानुसार की जाएगी।
18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले मतदाताओं के लिए फार्म-8 एवं इसके अतिरिक्त अन्य अर्ह मतदाताओं एवं विशेष तौर पर 24 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के नाम जोडे जाने हेतु फार्म-8 (घोषणा पत्र के साथ) का उपयोग किया तथा 24 वर्ष से अधिक आयु के अर्ह व्यक्तियों को नाम देश अथवा प्रदेश के किसी न किसी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक नामावली में होने की प्रबल सम्भावना है।
यदि कोई मतदाता अपने निवास परिवर्तन के संदर्भ में फार्म-6 भरने हेतु संबंधित फार्म की मांग करता है तो उसे बीएलओ द्वारा अवगत कराया जाएगा कि इस हेतु फार्म-6 भरने की आवश्यकता नही है, अपितु यह सुविधा फार्म-8 में उपलब्ध है,जिसका प्रयोग करते हुए नये स्थल की मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकते है।
निर्वाचक नामावली की किसी प्रविष्टि में संशोधन करने या मतदाता फोटो पहचान पत्र के प्रतिस्थापन व दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन करने अथवा निवास परिवर्तन हो जाने के संबंध में फार्म-8 एवं घोषणा पत्र भरकर सम्बन्धित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराया जा सकता है। साथ ही 18 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं जिनका नाम मतदाता सूची में कहीं भी दर्ज हैं उन्हें किसी दूसरे स्थान पर नाम दर्ज कराने हेतु फार्म-6 के स्थान पर फार्म-8 भरा जाना चाहिए।
मतदाता सूची में अधिक से अधिक युवा मतदाता का नाम सम्मिलित कराने हेतु ECINET mobile app माध्यम से एवं https://voters.eci.gov.in का जन सामान्य में व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए आनलाइन फार्म भरने हेतु जागरूक किया जाए। सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारी तथा प्रतिनिधियों को बताया गया कि उनके बीएलए द्वारा संकलित फार्म-6 प्रतिदिन सायंकाल 05.00 बजे तक सूचना उपलब्ध कराई जाय।
—————-

