रामनवमी मेले पर रामनगरी अयोध्या में दौड़ने लगी नगरीय ई-बसे

अयोध्या (डीकेयू लाइव ब्यूरो) सुरेंद्र कुमार। रामनवमी मेले पर आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए पांच दिन के ट्रायल के लिए 10 इलेक्ट्रिक बसें (ई-बसें) उतार दी गई हैं। आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगरीय ई-बसों का अधिकतम किराया 33 रुपये और न्यूनतम किराया 12 रुपये है। अयोध्या कैंट स्टेशन से नया घाट तक चलने वाली 28 सीटों वाली यह बसें पहले दिन हाईवे पर फर्राटा भरती नजर आईं। पहली बार अयोध्या पहुंचीं बसों में सवार होने के लिए यात्रियों में काफी उत्सुकता देखी गई। यात्रियों का बसों के प्रति रुझान देखकर नगर के ऑटो, टैंपों व ई-रिक्शा चालकों में खलबली मच गई। इससे पहले सुबह नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्त व नगर आयुक्त विशाल सिंह ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया। रामनवमी मेले को देखते हुए इन बसों के संचालन के लिए कई अलग-अलग प्वाइंट बनाए गए हैं। यह बसें अयोध्या कैंट स्टेशन से चलकर सहादतगंज, आरटीओ ऑफिस, नाका, देवकाली, बूथ नंबर 4, अयोध्या बस स्टैंड से होते हुए नया घाट चलेंगी। लखनऊ के दुबग्गा डिपो की यह बसें रामनगरी को प्रदूषण मुक्त भी रखेंगी। इन बसों में सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है। पूर्ण रूप से वातानुकूलित बसों में 5 कैमरे लगाए गए हैं। संचालन के लिए एक निर्धारित किराया भी तय किया गया है। नगर विकास विभाग की ओर से संचालित बसें लखनऊ के दुबग्गा डिपो से आई हैं। बसों में आगे-पीछे लगे डिस्प्ले में रामनगरी अयोध्या में आपका स्वागत है चल रहा है। अभी यह बसें अयोध्या धाम स्थित बस स्टेशन पर चार्ज होंगी। इनमें महिलाओं के चार सीटें आरक्षित हैं। नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते दिनों अयोध्या दौरे के दरमियान समीक्षा बैठक के दौरान श्रद्धालुओं को दी जाने वाली सुविधाओं को लेकर मंथन किया था, जिसमें मूलभूत सुविधाएं पानी सड़क और आवागमन के लिए निर्देशित किया था। आगामी दिनों में अयोध्या में 35 इलेक्ट्रिक बसें चलाने का उद्देश्य रखा गया है। ई-बसों के चलने के बाद अयोध्या के मुख्य मार्गों पर बड़ी तादाद में दौड़ रहे ऑटो, ई-रिक्शा को सिर्फ अलग-अलग गलियों में ही चलाये जाने की सुविधा होगी। इससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं से वसूली पर लगाम लगेगा। विधायक वेद गुप्त बताते हैं कि जो छोटे-छोटे ई रिक्शा चल रहे हैं अक्सर देखा जाता है कि अधिक सवारी बैठा लेते हैं और पलट जाते हैं। उन्हें व्यवस्थित करके विभिन्न रूटों पर निर्धारित कर गलियों में चलाने की व्यवस्था कराई जा रही है। नगर आयुक्त विशाल सिंह ने बताया कि आगामी दिनों में अयोध्या में केवल इलेक्ट्रिक बसें ही चलाई जाएंगी, जिनकी संख्या 35 होगी। अयोध्या में बनाए जाने वाले सभी प्रवेश द्वारों से श्रद्धालु इलेक्ट्रिक बसों से अपने गंतव्यों पर पहुंच सकेंगे। अभी अयोध्या डिपो को दस बसें मिली हैं। अयोध्या से प्रदेश के विभिन्न शहरों समेत अन्य प्रदेशों में भी यह बसें चलाई जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *