अयोध्या।(राजेश श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ अयोध्या) राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अयोध्या दौरे को लेकर जिले मे खुफिया विभाग अलर्ट हो गया है।राष्ट्रपति आगामी 29 अगस्त को प्रेसीडेंशियल ट्रेन से अयोध्या रेलवे स्टेशन पर उतरेंगे।वे यहां करीब चार घंटे तक रहकर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ मंदिरों में दर्शन, पूजन भी करेंगे। ऐसे में खुफिया विभाग की टीम सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे स्टेशन से कार्यक्रम स्थल तक के आसपास रहने वालों का ब्यौरा जुटाने में लगी हुई है।राष्ट्रपति जिस रास्ते से होकर गुजरेंगे व कार्यक्रम स्थल के आसपास रहने वाले लोगों पर खुफिया विभाग की पैनी नजर है।एलआईयू की टीम इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, उनके रिश्तेदारों का भी ब्यौरा जुटा रही है।टीम इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के आचरण की भी जानकारी हासिल करने में जुटी हुई है।संदिग्ध एवं आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की भी सूची बनाई जा रही है।मकानों से लेकर होटल, धर्मशाला आदि की सूची तैयारी की जा रही है। इसके लिए एलआईयू की कई टीमें अयोध्या में ब्यौरा जुटाने में लगी हुई हैं।रेलवे स्टेशन अयोध्या के आसपास की कालोनियों, मुख्य मार्ग पर सहित रामजन्मभूमि क्षेत्र में रहने वाले लोगों का ब्यौरा एकत्र किया जा रहा है। एलआईयू के साथ आईबी व केंद्रीय खुफिया एजेंसियां भी राष्ट्रपति के दौरे को लेकर अलर्ट पर हैं। सुरक्षा में कमी न रह जाए, इसलिए खुफिया विभाग की अलग-अलग टीमें सुरक्षा का खाका तैयार कर रही हैं।राष्ट्रपति जिस रास्ते से होकर कार्यक्रम स्थल तक जाएंगे वह रास्ता पूर्व संध्या से ही सील कर दिया जाएगा, कई जगह रूट डायवर्जन की व्यवस्था रहेगी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 29 अगस्त को सुबह रेलवे स्टेशन पर उतरेंगे। रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे।इसके साथ ही रामकथा पार्क में वे रामायण कान्क्लेव का उद्घाटन करेंगे।रामजन्मभूमि में भी राष्ट्रपति के पूजन कार्यक्रम को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

