रुचियों और क्षमताओं के आधार पर चुने लक्ष्य :
प्रो. फर्रुख जमाल
जिला संवाददाता डॉ अजय तिवारी
अपने उद्देश्य के प्रति पूरी तरह समर्पित हो छात्र: प्रो. चयन कुमार मिश्र
अयोध्या। डॉ० राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर में संचालित बीएससी पाठ्यक्रम के अंतर्गत दीक्षा भवन में ‘करियर काउंसलिंग’ पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन कुलपति कर्नल ब्रिजेन्द्र सिंह के निर्देशन में किया गया। कार्यशाला के मुख्य अतिथि सेवायोजन सूचना एवं मंत्रणा केंद्र के प्रमुख प्रो० फर्रुख जमाल रहे ।
प्रो० फर्रुख जमाल ने छात्र-छात्राओं को अपनी रुचियों, क्षमताओं और लक्ष्यों के आधार पर उच्च शिक्षा व सम्बंधित क्षेत्रों में सही करियर चुनने के विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी एवं दिशा निर्देश प्रदान किये । देश में मौजूदा करियर विकल्पों के साथ-साथ विदेशों से सम्बन्धित करियर विकल्पों पर महत्वपूर्ण सूचनाओं को साझा किया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में पाठ्यक्रम समन्वयक प्रो. चयन कुमार मिश्र ने कहा कि छात्र-छात्राएं अपने उद्देश्य के प्रति पूरी तरह समर्पित होकर अध्ययन करें और राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय संस्थानों में प्रवेश के लिए पूर्ण मनोयोग से प्रयास करें। अपने उद्देश्य की प्राप्ति के लिए वे समय समय पर अपने शिक्षकों और बड़े लोगों से उचित दिशा निर्देश व मार्गदर्शन लेते रहें। भविष्य में अपनी क्षमता के अनुरूप सही करियर को चुन सकें व अपने माता-पिता तथा विश्वविद्यालय को गौरवान्वित कर सकें।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. अरविन्द कुमार बाजपेयी ने कहा कि आज के चुनौती पूर्ण समय में हर विद्यार्थी को जागरूक होकर करियर के लिए खुद को तैयार करना होगा और अपनी कौशल क्षमताओं को विकसित करना होगा। करियर की मौजूदा चुनौतियों को सकारात्मक सोच को अपनाकर हल किया जा सकता है।
डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि कैसे कठिन परिश्रम और प्रतिभा के बल पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में अपना स्थान बनाकर विद्यार्थी अपना भविष्य सुरक्षित करें। देश के विभिन्न सेक्टर्स जैसे रिसर्च एंड डेवलपमेंट डिपार्टमेंट, शोध संस्थान, फार्मास्युटिकल्स कम्पनीज, फार्मेसीज, ड्रग कम्पनीज और अन्य शिक्षण संस्थान में सम्मानजनक करियर बनाएं। करियर काउंसलिंग में डॉ. अश्वनी कुमार एवं डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने भी छात्रों को संबोधित किया।
इस अवसर पर बी.एससी. पाठ्यक्रम के शिक्षक डॉ. मनोज कुमार, डॉ. जीतेन्द्र कौशल श्रीवास्तव, डॉ. गया प्रसाद तिवारी, डॉ. ज्ञानेश्वर गुप्ता, डॉ.संदीप तिवारी, डॉ. अमिता सिंह व डॉ. मिथिलेश तिवारी सहित विभाग के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे ।

