
यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल वाराणसी के दौरे पर हैं। शुक्रवार सुबह उन्होंने नगर निगम के सफाई मित्रों और उद्यान मित्रों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। खासकर महिलाओं को सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर की जांच कराने के लिए प्रेरित किया। सांस्कृतिक संकुल चौकाघाट में आयोजित लाभार्थी कैंप में सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाया गया। उन्हें जरूरत के अनुसार अन्य योजनाओं से लाभान्वित कराया गया।
आयोजन के दौरान राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सरकार की पहल और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील भी की। इस दौरान राजभवन से लाकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लाभार्थियों में साड़ी वितरण किया। इसके बाद राज्यपाल आनंदी बेन पटेल कमिश्नरी सभागार पहुंचीं। यहां उन्होंने यहां 150 किशोरियों के वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया।
इस दौरान उन्होंने किशोरियों के स्वास्थ्य के लिए परिवार को सजग रहने की अपील की। इस दौरान प्रशासन की ओर से राज्यपाल को पूरे अभियान की जानकारी दी गई। गौरतलब है कि राज्यपाल आनंदी बेन पटेल सोनभद्र के दो दिवसीय दौरे के बाद गुरुवार शाम वाराणसी पहुंचीं हैं।

