ब्यूरो प्रमुख विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
जौनपुर एन.टी.ई.पी. कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के द्वारा दिये गये दिशा-निर्देश के क्रम में जनपद में टी.बी. हारेगा देश जीतेगा अभियान अंतर्गत 24 मार्च 2023 को विश्व क्षय रोग दिवस मनाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत सर्वप्रथम जन जागरूकता रैली को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर टी.बी. चिकित्सालय जौनपुर प्रांगण से रवाना किया गया।
तत्पश्चात् विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री जी भारत सरकार की अध्यक्षता में जनपद वाराणसी में आयोजित हो रही वन वर्ल्ड टी.बी. समिट में टी.बी. मुक्त पंचायत अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री महोदय द्वारा किया गया, जिसमें उन्होनें आह्वान किया “YesWe Can END TB” जिसका लाइव प्रसारण टी.बी. चिकित्सालय हॉल में समस्त अधिकारी/कर्मचारी/रोगी/जनसामान्य की उपस्थिति में किया गया।
तत्पश्चात् मुख्य चिकित्सा अधिकारी जौनपुर महोदया की अध्यक्षता में विश्व क्षय रोग दिवस पर वृहद संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया। गोष्ठी में आह्वान करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी महोदया ने गीत “हम होंगे कामयाब एक दिन, टी.बी. हारेगा देश जीतेगा एक दिन’’ के माध्यम से उपस्थित समस्त जन को टी.बी. मुक्त जौनपुर 2025 के लिये संकल्प दिलाया।
गोष्ठी में उपस्थित जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नरेन्द्र सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. वी.पी. सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.सी. वर्मा, चिकित्साधिकारी जिला क्षय नियंत्रण केन्द्र डॉ. डी. के. सिंह ने विश्व क्षय रोग दिवस एवं टी.बी. उन्मूलन के सम्बन्ध में सम्बोधित किया। कार्यक्रम संचालन सुशील अग्रहरि, प्रभारी डी.पी.सी. एन.टी.ई.पी. द्वारा किया गया।
विश्व क्षय रोग दिवस 2023 कार्यक्रम के अंतर्गत 22 मार्च 2023 को स्कूल्स, कॉलेज एवं मदरसों में टी.बी. के प्रति जागरूकता के कार्यक्रम किये गये। इस क्रम में 25 मार्च 2023 को ग्राम एवं पंचायतों में ग्राम प्रधानों की उपस्थिति में टी.बी. जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तावित है।

