शारजाह से कमर में छुपाकर लाया एक करोड़ 21 लाख का सोना : वाराणसी एयरपोर्ट पर पकड़ा गया

वाराणसी के बाबतपुर स्थित एयरपोर्ट से लगातार दूसरे दिन भी सोना पकड़े जाने का मामला सामने आया है। बुधवार रात शारजाह से आए यात्री के पास से 18 लाख रुपये का सोना पकड़ा गया था, जबकि गुरुवार रात भी एक विमान यात्री के पास से एक करोड़ 21 लाख से अधिक का सोना पकड़ा गया है।

कस्टम विभाग के अधिकारी ने बताया कि यात्री शारजाह से वाराणसी आया था। उसने सोने को काले टेप में छुपाकर कमर के नीचे लपेटा था। एक्स-रे जांच के दौरान पकड़ में आया। बरामद सोना करीब 2334 ग्राम है। जिसकी अनुमानित कीमत एक करोड़ 21 लाख रुपये से अधिक है।

बिहार निवासी यात्री से पूछताछ जारी
सोने के साथ पकड़ा गया यात्री अब्दुल रहमान अंसारी जिला पश्चिम चंपारण, बिहार का निवासी है। उसके साथ रहे यात्री को संदेह के आधार पर पकड़ा गया था। हालांकि पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। सोने के साथ पकड़े गए यात्री पर सीमा शुल्क अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। उससे पूछताछ की जा रही है।

 

बुधवार रात पकड़ा गया था 18 लाख का सोना

वाराणसी एयरपोर्ट पर लगातार दो दिन में एक करोड़ 39 लाख 17 हजार का सोना बरामद किया गया है। शारजाह से 184 यात्रियों को लेकर एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान गुरुवार रात नौ बजे बाबतपुर  एयरपोर्ट पर उतरा। जांच के दौरान कस्टम अधिकारियों को दो यात्रियों पर शक हुआ। गहनता से जांच की गई तो धातु जैसी वस्तु होने की पुष्टि हुई।

जिस पर कस्टम अधिकारियों ने दोनों यात्रियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के लिए एयरपोर्ट से वाराणसी कस्टम कार्यालय लेकर चले गए। शुक्रवार सुबह एक यात्री को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।  इससे पहले कस्टम की टीम ने बुधवार रात भी शारजाह से आए यात्री के बैग से 18 लाख रुपये का सोना बरामद किया था।

यात्री ने तीन ट्रॉली बैग में बारीकी से 349.5 ग्राम सोना छुपा रखा था। बरेली के लाडपुर उस्मानपुर निवासी यात्री ने चालाकी से सोना को छुपाया था। तीन अलग-अलग ट्रॉली बैग में वह सोने का रॉड बनाकर उस पर स्टील पॉलिश कराया था, ताकि चेकिंग में पकड़ा न जा सके।

अप्रैल में पकड़ा गया था 48 लाख का सोना

इसके पूर्व अप्रैल में पटना के रहने वाले कृष्ण कुमार के पास से कस्टम टीम ने जूते के सोल में छुपाकर रखा गया 21 लाख 35 हजार रुपये का सोना बरामद किया था। उसी दिन कुशीनगर के रहने वाले हरेंद्र नामक यात्री के जूते से भी कस्टम टीम ने 26 लाख 76 हजार रुपये का सोना बरामद किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *