सोहावल-अयोध्या। तहसील सोहावल के ग्राम पंचायत गोड़वा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कन्या पाठशाला व पंचायत घर के लिए आरक्षित जमीन पर पूर्व दबंग ग्राम प्रधान द्वारा जबरन मैरिज हॉल का निर्माण कराया जा रहा है।
इस आशय का आरोप लगाते हुए वर्तमान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनुज मिश्रा ने पूर्व जिलाधिकारी अनुज झा से गत 19 अक्टूबर को मिलकर लिखित शिकायत की थी ।
अनुज मिश्रा ने निवर्तमान जिलाधिकारी अनुज झा से मिलकर उन्हें बताया था की उक्त गाटा संख्या का नक्शा विगत चकबंदी के दौरान तकनीकी कमी के चलते छोटा बन गया था। इसी तकनीकी कमी का फायदा उठाकर पूर्व दबंग ग्राम प्रधान आनंद कुमार द्वारा सरकारी जमीन पर जबरन मैरिज हॉल का निर्माण कराया जा रहा है।
प्रथम दृष्टया इस शिकायत को सही पाते हुए तत्कालीन डीएम अनुज झा ने निर्माण कार्य रुकवाते हुए उस गलत नक्शे को तत्काल सही कराने के निर्देश एसडीएम सोहावल को दिए थे।
अनुज मिश्रा के अनुसार जब तक अनुज झां का अयोध्या जिला अधिकारी पद से स्थानांतरण नहीं हुआ तब तक एसडीएम सोहावल जयजीत कौर मिश्रा डीएम का आदेश मानती रही तथा निर्माण कार्य रुका रहा लेकिन जैसे ही अनुज झा का स्थानांतरण हुआ उसी दिन से दबंगों द्वारा सरकारी जमीन पर पुनः निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी माही के अनुसार इस प्रकरण में क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक अमरनाथ शुक्ला की भूमिका संदेह के घेरे में है। एसडीएम सोहावल को उन्होंने ही आरोपियों के पक्ष में समझा दिया है जिससे एस डी एम सोहावल उस प्रकरण में कोई शिकायत सुनना ही नहीं चाह रही हैं। प्रधान प्रतिनिधि अनुज मिश्रा के अनुसार सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे व निर्माण से ग्राम वासियों में भारी रोष व्याप्त है।

