सहज जन सेवा केंद्र संचालक को बदमाशों ने मारी गोली, बाइक व बैग लूटकर फरार
जौनपुर, 12 मार्च। जफराबाद थाना क्षेत्र के गोसाईपुर गांव के पास बुधवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने एक सहज जन सेवा केंद्र संचालक को गोली मार दी। वारदात के बाद बदमाश उनकी बाइक, बैग और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल संचालक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार गोसाईपुर गांव निवासी प्रेमचंद यादव (पुत्र तेजू यादव) गांव के चौराहे से करीब सवा किलोमीटर दूर गोसाईपुर चौराहे पर सहज जन सेवा केंद्र चलाते हैं। बुधवार रात वह अपना केंद्र बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। केंद्र से करीब 500 मीटर दूर ब्राह्मण बस्ती के पास पहुंचते ही एक बाइक पर सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और गोली मार दी। गोली उनके सीने और पेट के बीच लगी है।
गोली लगने के बाद घायल अवस्था में प्रेमचंद यादव किसी तरह भागकर पास की ब्राह्मण बस्ती पहुंचे और लोगों से मदद की गुहार लगाई। सूचना पर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान को बुलाकर उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जफराबाद थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर देवेश कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि घायल को बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

