आज सावन के पहले सोमवार पर राजधानी लखनऊ के शिवालय हर हर महादेव की आवाज से गूंज उठे। भक्तों ने सुबह से ही कतार में लगकर दर्शन पूजन किया। राजधानी लखनऊ शिवमय नजर आई।
इसे लेकर शिवालयों में रविवार देर शाम तक तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। सोमवार सुबह से ही भक्त शिवमंदिरों में पहुंचने लगे और शिवालय हर हर महादेव की जयघोष से गूंज उठे।
इस मौके पर योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद भी शिवलिंग पर जलाभिषेक करने पहुंचे और दर्शन-पूजन किए।
शिव मंदिरों में भोलेनाथ के निर्बाध दर्शन की व्यवस्था की गई है। जलाभिषेक, रुद्राभिषेक के साथ भस्म व महाआरती का आयोजन किया जा रहा है । आज के दिन मंदिरों में सिर्फ एक से डेढ़ घंटे का विश्राम होगा। इस दौरान महादेव को शयन, भोग कराकर शाम की आरती की तैयारियां की जाएंगी।

मनकामेश्वर में भोर में चार बजे खुले कपाट
मनकामेश्वर मंदिर के कपाट भोर में चार बजे खुल गए। महंत देव्यागिरी ने बताया कि दिन भर मंदिर खुला रहेगा। शाम को 6.30 बजे आरती होगी। उसके एक घंटे पहले बस मंदिर को आरती की तैयारियों के लिए बंद किया जाएगा। बाबा का हरियाली शृंगार किया गया है।

राजेंद्र नगर स्थित महाकाल मंदिर के व्यवस्थापक अतुल मिश्रा ने कहा कि मंदिर में रविवार रात 12 बजे से ही रुद्राभिषेक शुरू हो गया है जो कि भोर में चार बजे तक चला। इसके बाद भस्म आरती हुई। (दर्शन पूजन के लिए शिवालयों में सुबह से ही कतारें लग गईं।)

शहर के शिवालयों के सामने सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी रही।

कैबिनेट मंत्री मत्स्य विभाग डॉ संजय कुमार निषाद ने पवित्र माह सावन के प्रथम सोमवार पर राजधानी लखनऊ स्थित मनकामेश्वर मंदिर में भगवान शिव की आराधना की। उन्होंने शिवलिंग पर जलाभिषेक करते हुए देश व प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

