अपर्याप्त छात्र संख्या वाले विद्यालयों के संयुग्मन (Pairing) हेतु चिन्हित विद्यालयों में कराई गई बैठक
आलोक श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ
जौनपुर : शासन के निर्देशानुसार विकास खण्ड सिरकोनी में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित अपर्याप्त छात्र संख्या वाले चिन्हित कुल तेरह विद्यालयों के संयुग्मन हेतु सिरकोनी ब्लाक के खण्ड शिक्षा अधिकारी अमरेश कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में सम्बंधित विद्यालय परिसर में उस न्याय पंचायत के नोडल शिक्षक संकुल तथा एकेडमिक रिसोर्स पर्सन की अध्यक्षता में आज दिनांक 23-06-2025 को ग्राम प्रधान, विद्यालय प्रबंध समिति तथा अभिभावकों की एक आवश्यक बैठक कराई गई। उक्त के सन्दर्भ में खण्ड शिक्षा अधिकारी सिरकोनी ने बताया कि सिरकोनी ब्लाक में कुल तेरह विद्यालयों को अपर्याप्त छात्र संख्या वाले विद्यालय के रूप में चिह्नित किया गया था। आज की इस बैठक में यह स्पष्ट हुआ कि इन तेरह में से ग्यारह विद्यालयों की वर्तमान सत्र में छात्र संख्या इस वर्ष नवीन नामांकित किये गये छात्र- छात्राओं को मिलाकर पचास के ऊपर हो गई है ।अतएव यह ग्यारह विद्यालय अपर्याप्त छात्र संख्या वाले विद्यालय की श्रेणी में अब नहीं आते। शेष अन्य दो विद्यालयों में उपस्थित ग्राम प्रधान, एस एम सी सदस्य, अभिभावकों ने संयुग्मन के प्रति असहमति जताते हुए तर्क दिया कि उनका विद्यालय अत्यंत पिछड़े इलाके में अवस्थित है जिसमें समाज के अत्यंत निर्धन व संसाधन विहीन परिवारों के बच्चे पढ़ने आते हैं, जिसमें बालिकाओं की संख्या अधिक है। यहां से अन्य सरकारी विद्यालय लगभग तीन से चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं जो छोटे छोटे बच्चों की पैदल चलने की क्षमता से बाहर है। इसके अतिरिक्त वहां पहुंचने के लिए कोई सीधा रास्ता भी नहीं है। उन विद्यालयों तक पहुंचने के लिए पूरे गांव में घूमते हुए मुख्य पक्की सड़क से जाना पड़ेगा जिसपर भारी ट्रैफिक होने के कारण आयेदिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। यदि इस विद्यालय को दूसरे सरकारी विद्यालय से जोड़ा जाएगा तो गांव के संसाधन विहीन बच्चे वहां जा नहीं सकेंगे तथा आर्थिक तंगहाली के कारण प्राइवेट विद्यालयों में भी पढ़ नहीं पायेंगे। इस तरह से समाज के निर्धन वर्ग के बच्चे विशेषकर बालिकाएं शिक्षा से वंचित रह जायेंगी। इन सभी कारणों से इन विद्यालयों के बच्चों के सभी अभिभावकों ने अपने ग्राम प्रधान के नेतृत्व में अपनी ग्रामसभा के विद्यालय के संयुग्मन के प्रति लिखित रूप में अपने हस्ताक्षर के साथ असहमति प्रकट किया तथा शासन से यह अनुरोध किया कि उनके विद्यालय को किसी अन्य विद्यालय से संयुग्मित न करते हुए विद्यालय का संचालन पूर्व की भांति किया जाता रहे। खण्ड शिक्षा अधिकारी सिरकोनी अमरेश कुमार सिंह द्वारा बताया गया कि इन सभी विद्यालयों के आज की बैठक रिपोर्ट शासन को अग्रिम कार्यवाही हेतु भेजी जा रही है।

