उ. प्र. विधान परिषद की दैवीय आपदा प्रबंधन जांच समिति ने आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

उ. प्र. विधान परिषद की दैवीय आपदा प्रबंधन जांच समिति ने आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

पात्र लोगों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ दिलाने जाने के दिए गए निर्देश

जौनपुर 18 मार्च 2026 (सू0वि0)- उत्तर प्रदेश विधान परिषद की दैवीय आपदा प्रबंधन जांच समिति की बैठक सर्किट हाउस सभागार वाराणसी में माननीय सभापति श्री लालजी प्रसाद निर्मल जी की अध्यक्षता में जनपद जौनपुर के जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ में संपन्न हुई।
बैठक में जनपद में आपदा से संबंधित शासकीय योजनाओं के क्रियान्वन एवं लाभान्वित लोगों के संबंध में गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान माननीय सभापति महोदय तथा सदस्यगण माननीय सदस्य डॉ0 प्रज्ञा त्रिपाठी, सहित अन्य मा0 सदस्यगण ने आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारियों से हीट वेव/लू, नदी में बाढ़ की स्थिति, नाव दुर्घटना, पानी में डूबने, आकाशीय बिजली, पशु हानि, सर्पदंश, आगजनी आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी लेते हुए गहन समीक्षा की।
इस दौरान जिलाधिकारी ने समिति के समक्ष जिले में आपदा प्रबंधन के संबंध में विस्तार से बिंदुवार जानकारी देते हुए किए गए नवाचारों पर अपनी प्रस्तुति दी। बैठक के दौरान माननीय सभापति ने आपदा के दौरान घायलों को राहत एवं सहायता अनुदानों को प्रदान करने के निर्देश दिए।साथ ही नदी के गहराई वाले क्षेत्रों के अलावा अन्य जरूरी स्थानों पर में साइन बोर्ड/चेतावनी बोर्ड लगाने को कहा, जिससे डूबने से मरने वालों की संख्या में कमी लाई जा सके।
समिति ने आगजनी के दौरान बचाव हेतु अग्निशमन विभाग को बिजली विभाग से समन्वय स्थापित कर इस प्रकार की घटनाओं का न्यूनीकरण करने का निर्देश दिया। साथ ही फायर ब्रिगेड के दूरभाष नंबर को भी आम जनमानस में प्रचार प्रसार करने को कहा, जिससे आगजनी के दौरान जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।समिति ने आपदा से पीड़ित परिवारों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के तहत मिलने वाली सहायता राशि का शत प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश दिए। समिति ने आकाशीय बिजली से बचाव के लिए दामिनी ऐप, सचेत ऐप और लोगों को घरों में तड़ित चालक लगाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
सर्पदंश के मामलों में उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पुलिस की मौजूदगी में ही पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए, जिससे सर्पदंश से प्रभावित व्यक्ति को राहत अनुदान सहित अन्य लाभ मिलने में कोई समस्या ना हो। इसके अलावा उन्होंने समस्त प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सर्पदंश से मिलने वाले राहत अनुदानों की प्रक्रिया का प्रचार प्रसार करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने जिला अस्पताल सहित समस्त सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता के साथ ही एंटीवेनम इंजेक्शन की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा।
माननीय समिति द्वारा संचारी रोगों, विशेष कर डेंगू एवं मलेरिया से बचाव हेतु अतिरिक्त प्रयास करने के भी निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए गए।
समिति द्वारा अधिशासी अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को अपने संबंधित क्षेत्र में नियमित साफ सफाई, एंटी लारवा के छिड़काव तथा फॉगिंग कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समिति ने डीपीआरओ को सफाईकर्मियों की प्रतिदिन उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। समिति ने जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को संचारी रोगों, विशेष कर डेंगू एवं मलेरिया से बचाव हेतु बच्चों को जागरूक करने हेतु निर्देशित किया।
प्रभागीय वनाधिकारी को हर साल होने वाले वृक्षारोपण में लगे वृक्षों की बेहतर देखरेख व्यवस्था सुनिश्चित करने और जीवीवता प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश समिति ने दिए।समिति ने जिला पूर्ति अधिकारी को गरीबों को मिलने वाले खाद्यान्न की गुणवत्ता की बेहतर निगरानी करने के निर्देश दिए।समिति द्वारा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को,नगरीय क्षेत्र में जल भराव की स्थिति ना हो, इसकी भी व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों के बार-बार पुनर्निर्माण की स्थिति के दृष्टिगत समिति ने लोक निर्माण विभाग को इसके स्थाई निदान हेतु कार्य योजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। माननीय सभापति ने आपदा के दौरान नष्ट हुए आवास के लोगो को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए। इस दौरान आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को समन्वय कर बेहतर कार्य योजना बनाने एवं बेहतर परिणाम को देखते हुए समिति ने अधिकारियों के कार्यों को प्रशंसनीय बताते हुए इसमें और आवश्यक सुधार लाने तथा इसको उपयोगी बनाने हेतु अतिरिक्त प्रयास करने को भी कहा। समिति द्वारा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ समस्त पात्र लोगों को दिलाने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने समिति का आभार व्यक्त करते हुए सभापति महोदय को आश्वस्त कराया कि समिति द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शहरी आयुष श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 परमानंद झा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ0 गोरखनाथ पटेल, ई0 ओ0 नगर पालिका पवन कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, डीपीआरओ सहित आपदा प्रबंधन से जुड़े समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

———–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *