एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, विराज खंड में जूनियर स्पोर्ट्स डे ‘Pec Pioneers’ का रंगारंग आयोजन

एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, विराज खंड में जूनियर स्पोर्ट्स डे ‘Pec Pioneers’ का रंगारंग आयोजन
लखनऊ, 15 नवम्बर: एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, विराज खंड, लखनऊ में विद्यालय की संस्थापिका महोदया डॉ. (श्रीमती) अमिता चौहान जी के आशीर्वाद एवं प्रेरणा तथा प्रधानाचार्या श्रीमती रचना मिश्रा के मार्गदर्शन में जूनियर स्पोर्ट्स डे ‘Pec Pioneers’ का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाने के साथ हुआ, जिसने वातावरण को उल्लास और जोश से भर दिया। इसके पश्चात् नन्हे विद्यार्थियों ने रंगारंग पी.टी. ड्रिल्स और थीम आधारित खेल प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की ऊर्जा, आत्मविश्वास और टीम भावना ने दर्शकों की भरपूर सराहना बटोरी।
कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा तीन तक के विद्यार्थियों ने शटल रेस, रोल द बॉल, ड्रैग द बॉल रेस, कॉक रेस, लेमन रेस, हूला हूप रेस आदि रोचक प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
अभिभावकों के लिए आयोजित ‘टग ऑफ़ वॉर’ तथा ‘बॉल रिले’ प्रतियोगिताएँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। सभी अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विद्यालय के दिनों को फिर से जी लिया। खेल मैदान में गूंजते उत्साह और हँसी-खुशी के पलों ने माहौल को और भी आनंदमय बना दिया।
प्रधानाचार्या श्रीमती रचना मिश्रा ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को कार्यक्रम की सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने विद्यालय की संस्थापिका महोदया डॉ. (श्रीमती) अमिता चौहान जी के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका सतत प्रेरणास्रोत एवं उत्साहवर्धन ही सभी के लिए मार्गदर्शक रहा है।
उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का सर्वोत्तम माध्यम हैं। कार्यक्रम का समापन विद्यालय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *