गोरखपुर में यातायात और सड़क सुरक्षा को लेकर मंडलायुक्त की बड़ी बैठक, अतिक्रमण हटाने के निर्देश
.गोरखपुर ब्यूरो चीफ
गोरखपुर शहर की यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने आयुक्त सभागार में एक अहम बैठक की। बैठक में उन्होंने सड़कों से अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर कई कड़े निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने गोलघर और बेतियाहाता से फिराक चौराहे तक लगने वाले जाम को लेकर चिंता जताई और कहा कि इन क्षेत्रों में व्यापारियों से वार्ता कर उनके प्रतिष्ठानों पर आने वाले वाहनों की समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी नगर, एसपी ट्रैफिक और नगर निगम अधिकारियों को मिलकर इस दिशा में ठोस कार्रवाई करने को कहा।
अभियान चलाकर हटाई जाएं सड़क किनारे की दुकानें
ढींगरा ने निर्देश दिया कि पैड़लेगंज से बेतियाहाता, नौकायान मार्ग और ताल रिंग रोड जैसी मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण कर लगी दुकानों को अभियान चलाकर हटाया जाए और सुनिश्चित किया जाए कि दोबारा दुकानें न लगें। ठेले-खोमचे वालों के लिए अलग से वेन्डिंग ज़ोन बनाए जाएं ताकि मुख्य मार्ग बाधित न हो।
गोलघर में पार्किंग के लिए साइनबोर्ड लगाने के निर्देश
मंडलायुक्त ने नगर निगम को गोलघर में पार्किंग स्थल चिन्हित कर वहां स्पष्ट साइनबोर्ड लगाने का निर्देश दिया, जिससे लोगों को वाहन खड़ा करने में असुविधा न हो। साथ ही आरएम रोडवेज को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए कि रोडवेज की बसें मुख्य सड़कों पर न खड़ी हों।
सहजनवां में हादसों को लेकर विशेष सतर्कता
सहजनवां क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एनएच अधिकारियों को नियमित पेट्रोलिंग और क्रॉस बैरियर समेत अन्य जरूरी उपाय करने के निर्देश दिए गए।
स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच के आदेश
परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस की जांच की जाए और किसी भी अनफिट वाहन को चलने की अनुमति न दी जाए।
बैठक में डीआईजी एस. चनप्पा, जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश, एसएसपी राजकरण नैयर सहित सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

